[t4b-ticker]

नोएडा की सबसे ऊंची इमारत सुपरनोवा की 43वीं मंजिल से युवक ने लगाई छलांग!

0
NN

29 वर्षीय संभव जैन के रूप में हुई पहचान, मानेसर का था निवासी

शुरुआती जांच में कर्ज की बात सामने आई

NEWS1UP

संवाददाता

नोएडा। सेक्टर-94 स्थित यूपी की सबसे ऊंची इमारतों में शामिल सुपरनोवा से एक युवक के छलांग लगाने से सनसनी फैल गई। जानकारी के मुताबिक युवक ने इमारत की 43वीं मंजिल से छलांग लगा दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

मृतक की पहचान 29 वर्षीय संभव जैन, निवासी मानेसर, हरियाणा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि संभव सुपरनोवा में Airbnb के जरिए ठहरा हुआ था। शुरुआती जानकारी में उसके काफी कर्ज में होने की बात सामने आ रही है। हालांकि, आत्महत्या की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल को सील कर FSL टीम की मदद से जांच की जा रही है।

निर्माण मजदूरों ने रोकने की कोशिश की

स्थानीय लोगों के मुताबिक घटना के समय सुपरनोवा में निर्माण कार्य में लगे कुछ मजदूरों ने युवक को रोकने की कोशिश भी की थी, लेकिन वह नहीं माना और 43वीं मंजिल से छलांग लगा दी। पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। परिजन नोएडा के लिए रवाना हो गए हैं। उनके पहुंचने के बाद पुलिस को घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी मिलने की उम्मीद है।

घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है। वीडियो की प्रकृति संवेदनशील होने के कारण उसका प्रसारण उचित नहीं है।

पुलिस के अनुसार मामले की जांच जारी है। आत्महत्या के पीछे की वजह और घटनाक्रम से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच के बाद स्थिति और स्पष्ट होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!