November 2, 2026
[t4b-ticker]

पुलिस मुठभेड़ में रणदीप भाटी गैंग का शूटर माया उर्फ अमन त्यागी ढेर!

0
F

50 हजार रुपये का था इनामी बदमाश, जवाबी कार्रवाई में दो पुलिसकर्मी भी घायल

हत्या और फायरिंग समेत दर्ज थे एक दर्जन से अधिक मुकदमे

NEWS1UP

विशेष संवाददाता

नोएडा। नोएडा में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सेक्टर-126 थाना क्षेत्र में पुलिस और बदमाश के बीच हुई मुठभेड़ में रणदीप भाटी गैंग का शार्पशूटर माया उर्फ अमन त्यागी मारा गया। उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। मुठभेड़ के दौरान बदमाश की ओर से की गई गोलीबारी में दो पुलिसकर्मी भी घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

डीसीपी प्रीति यादव के मुताबिक, 31 अक्टूबर की शाम एसओजी टीम और सेक्टर-126 थाना पुलिस इलाके में चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध बाइक सवार को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन उसने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुए हमले में दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें बदमाश भी गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस टीम ने तत्काल इलाके की घेराबंदी कर घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां उपचार के दौरान बदमाश की मौत हो गई।

मृतक की पहचान मुजफ्फरनगर निवासी अमन त्यागी उर्फ माया के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, उसके खिलाफ हत्या, फायरिंग समेत एक दर्जन से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज थे। हाल ही में उसने अपने साथियों के साथ बादलपुर थाना क्षेत्र में फायरिंग की घटना को भी अंजाम दिया था। इस मामले में मुकदमा दर्ज कर पुलिस कार्रवाई कर रही थी।

2019 में भी पुलिस मुठभेड़ में लगी थीं गोलियां

अमन उर्फ माया का आपराधिक इतिहास पुराना रहा है। वर्ष 2019 में फेज-2 थाना क्षेत्र में पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में उसके दोनों पैरों में गोली लगी थी, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया था। इसके बावजूद वह दोबारा संगठित अपराध की दुनिया में सक्रिय हो गया और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुख्यात रणदीप भाटी गैंग से जुड़ गया।

रॉबिन त्यागी से नजदीकी के बाद रणदीप भाटी गैंग तक पहुंचा

बताया जाता है कि मुजफ्फरनगर में हत्या समेत कई गंभीर वारदातों में शामिल रहा माया, रॉबिन त्यागी के संपर्क में आने के बाद उसके साथ मिलकर गैंग चलाने लगा था। बाद में रॉबिन की नजदीकियां रणदीप भाटी से बढ़ीं तो माया भी पुलिस से बचने के लिए रणदीप भाटी के गिरोह की शरण में पहुंच गया। उसने ग्रेटर नोएडा में ठिकाना बना लिया और लंबे समय तक इस गिरोह के लिए काम करता रहा।

पुलिस के अनुसार, माया एक कुशल शार्पशूटर था और रॉबिन त्यागी तथा रणदीप भाटी, दोनों के गिरोह में उसकी अहम भूमिका थी। ग्रेटर नोएडा में देवेंद्र भाटी और झुम्मनपुरा के एक ठेकेदार की हत्या के अलावा जुनपत में हुए दोहरे हत्याकांड में भी उसकी कथित भूमिका बताई जाती है।

पुलिस की इस कार्रवाई को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सक्रिय संगठित आपराधिक गिरोहों के खिलाफ अभियान की एक बड़ी कामयाबी माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!