गाजियाबाद: रोशनी और खुशियों से जगमगाएंगी सोसायटियाँ!
यहाँ हर दीप एक कहानी कहता है
उम्मीदों की रोशनी में नहाएगा गाजियाबाद 
NEWS1UP
भूमेश शर्मा
गाजियाबाद। जगमगाते दीप, महकती रातें और आशाओं से भरे दिल! यही है दीपावली, जो सिर्फ एक त्योहार नहीं, एक एहसास है, जो हर साल हमारे जीवन में उजाले की नयी परिभाषा लेकर आता है। यह वह पल होता है जब सिर्फ दीवारें नहीं, रिश्ते भी सजते हैं, जब सिर्फ घर नहीं, दिल भी रौशन होते हैं। अंधेरे पर उजाले की, टूटन पर जुड़ाव की और निराशा पर उम्मीद की जीत का प्रतीक यह पर्व, भारतीय संस्कृति की आत्मा को शब्दों से परे छूता है।
इस बार गाजियाबाद की फिज़ा कुछ अलग ही कहानी बयां कर रही है। सोसायटियों की बालकनियों से लेकर गलियों के मोड़ों तक, हर कोना जैसे दीपों से नहीं, खुशियों से झिलमिलाने को मचल सा रहा है। हर चेहरा मुस्कान से दमक रहा है और हर दिल इस पर्व को अपने ही रंग में जीने को बेताब है।
इस विशेष रिपोर्ट में हम पहुंचेंगे उन्हीं रौशन चेहरों के करीब, जानेंगे कि इस बार की दिवाली उनके लिए क्या मायने रखती है। क्या हैं उनकी तैयारियां, क्या हैं उनके सपने, और इस पर्व से जुड़ी वो छोटी-छोटी खुशियां जो दीपावली को सच में “त्योहारों का त्योहार” बनाती हैं।
तो आइए, गाजियाबाद की इन रौशन गलियों में कदम से कदम मिलाकर चलते हैं, और महसूस करते हैं उस उल्लास को, जो इस रात को यादगार बना देता है।

समर्पण गोल्फलिंक्स लेडीज़ क्लब की फाउंडर डायरेक्टर कमलेश सिंह ने बताया कि उनकी संस्था लैंडक्राफ्ट सोसायटी में “उल्लास दिवाली मेला” का आयोजन कर रही है। मेले में महिलाओं द्वारा बनाए गए सामान की प्रदर्शनी, शॉपिंग स्टॉल्स, बच्चों के लिए झूले और स्वादिष्ट व्यंजनों के काउंटर होंगे। उन्होंने कहा कि बच्चों की फैंसी ड्रैस प्रतियोगिता और महिलाओं का फैशन शो मेले की खास बातें रहेंगी।

जयपुरिया ग्रीन्स टाउनशिप की दिव्यांश ओनिक्स सोसायटी के रवि अग्रवाल (एडवोकेट) ने बताया कि 17 और 18 अक्टूबर को दो दिवसीय ग्रैंड दिवाली मेला आयोजित होगा। इस मेले में सफायर, एरोकॉन, गोल्डन गेट और रेनबो जैसी सभी सोसायटियाँ भाग लेंगी। अग्रवाल ने कहा कि मेले में कई सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे और तैयारियाँ पूरे जोश के साथ चल रही हैं।

गोल्फलिंक्स टाउनशिप की स्कार्डी ग्रीन सोसायटी के एओए अध्यक्ष राजकुमार शर्मा ने बताया कि 17 अक्टूबर को उनकी सोसायटी में दिवाली मेला होगा। यह एओए बनने के बाद पहली दिवाली है, इसलिए सभी निवासी बहुत उत्साहित हैं। बच्चों और महिलाओं के लिए विशेष कार्यक्रम रखे गए हैं और पारंपरिक तरीके से दिवाली मनाई जाएगी।

आदित्य वर्ल्ड सिटी की सिटी अपार्टमेंट सोसायटी के एओए अध्यक्ष दीपक माहेश्वरी ने बताया कि इस बार उनकी सोसायटी “हज़ार दीपों की रोशनी” से जगमगाएगी। उन्होंने कहा कि तारीख तय की जा रही है, लेकिन उत्सव पूरी धूमधाम और आस्था के साथ मनाया जाएगा। खाने-पीने के स्टॉल्स, डी.जे. और रंगीन लाइटिंग सभी को पसंद आएगी।

क्रॉसिंग रिपब्लिक की सबसे बड़ी सोसायटी जीएच-7 के एओए प्रेसिडेंट रोहित चौधरी ने बताया कि उनकी सोसायटी में एक दिवसीय दिवाली मेले का आयोजन होगा। उन्होंने कहा कि मेले में शॉप्स, फूड स्टॉल्स और संगीत कार्यक्रम रहेंगे। साथ ही सेल्फी पॉइंट्स सभी को आकर्षित करेंगे। पूरी सोसायटी को रोशनी और खुशियों से सजाया जाएगा।

गोल्फलिंक्स टाउनशिप की आशियाना ली रेजीडेंसी सोसायटी के अध्यक्ष आर.पी. शर्मा ने बताया कि 15 अक्टूबर को दीपोत्सव का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सोसायटी को 2100 दीपों की माला से सजाया जाएगा और सभी निवासी सामूहिक भोज का आनंद लेंगे। बच्चे, महिलाएँ और बुजुर्ग सभी दिवाली को पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाने की तैयारी में हैं।
दिवाली से पहले इन सोसायटियों की तैयारियाँ यह दिखाती हैं कि रोशनी का यह त्योहार सिर्फ दीपों से नहीं, बल्कि मिलजुलकर खुशियाँ बाँटने से जगमगाता है।
