मिशन शक्ति 5.0 की चमक: राबिया अब्बासी ने संभाली एसडीएम की कुर्सी, जनता की समस्याओं का किया समाधान!
राबिया जैसी बेटियां समाज की नई दिशा तय करेंगी: एसडीएम मनोज कुमार
यह मेरे जीवन का अविस्मरणीय अनुभव है: राबिया
NEWS1UP
देवेन्द्र सिसौदिया
धौलाना (हापुड़): मिशन शक्ति 5.0 अभियान के तहत गुरुवार को धौलाना तहसील में एक प्रेरक और अनोखी पहल देखने को मिली। एक निजी विद्यालय की कक्षा ग्यारहवीं की छात्रा राबिया अब्बासी ने एक दिन के लिए उपजिलाधिकारी (एसडीएम) का कार्यभार संभालकर प्रशासनिक जिम्मेदारी का अनुभव किया।
एसडीएम मनोज कुमार ने राबिया को अपनी कुर्सी सौंपते हुए कहा कि “बेटियां हर क्षेत्र में नेतृत्व की मिसाल बन रही हैं, प्रशासन भी इससे अछूता नहीं है। यह पहल नारी सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।”
कार्यालय का कार्यभार संभालने के बाद राबिया ने तहसील परिसर पहुंचकर फरियादियों की शिकायतें सुनीं और संबंधित विभागों को उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने गांव आजमपुर की एक राजस्व शिकायत और तहसील परिसर के बाहर जल निकासी की समस्या पर तुरंत कार्रवाई कराई।
इसके अलावा उन्होंने विभिन्न पटलों का निरीक्षण कर कार्यों की प्रक्रिया की जानकारी ली और स्वच्छता व्यवस्था सुधारने के निर्देश भी जारी किए।

राबिया अब्बासी ने अपने अनुभव को साझा करते हुए कहा, “यह मेरे जीवन का अविस्मरणीय अनुभव है। जनता से सीधे जुड़कर उनकी समस्याओं का समाधान करना प्रशासन की असली जिम्मेदारी है। यह अनुभव मुझे आगे भी समाज सेवा के लिए प्रेरित करेगा।”
इस अवसर पर तहसीलदार प्रवेश कुमार, नायब तहसीलदार अमरपाल सिंह, आपूर्ति निरीक्षक अजयवीर सिंह, लेखपाल अनुज चौधरी, ग्राम प्रधान अतीक अहमद सहित पूरा तहसील स्टाफ मौजूद रहा।
एसडीएम मनोज कुमार ने कहा कि मिशन शक्ति 5.0 का उद्देश्य नारी सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा, “राबिया जैसी बेटियां समाज की नई दिशा तय करेंगी। ऐसे अनुभव उन्हें नेतृत्व और जिम्मेदारी का पाठ सिखाते हैं।”
यह पहल न केवल प्रशासनिक कार्यप्रणाली की समझ को बढ़ाती है, बल्कि यह भी साबित करती है कि अवसर मिलने पर बेटियां हर क्षेत्र में अपनी क्षमता का प्रदर्शन कर सकती हैं।
