NEWS1UP
सऊदी अरब में सोमवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में 42 भारतीय यात्रियों की मौत हो गई। यह दुर्घटना उस समय हुई जब मक्का से मदीना जा रही एक यात्री बस की डीज़ल टैंकर से भीषण टक्कर हो गई। मरने वालों में ज्यादातर श्रद्धालु हैदराबाद के बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद बस में आग लग गई, जिससे हालात और भयावह हो गए।
मुफरिहत इलाके में हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक हादसा मदीना के पास स्थित मुफरिहत क्षेत्र में हुआ। बस में सवार सभी भारतीय यात्री उमरा की धार्मिक यात्रा पूरी कर मदीना की ओर लौट रहे थे। कई यात्री गहरी नींद में थे, तभी अचानक तेज रफ्तार डीज़ल टैंकर बस से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस क्षत-विक्षत हो गई और देखते ही देखते आग की लपटों में घिर गई।
इमरजेंसी टीमें मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य में जुट गईं। कई यात्री गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका स्थानीय अस्पतालों में इलाज जारी है।
मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने जताया शोक

तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने इस दर्दनाक हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतकों में हैदराबाद के कई लोग शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक को तुरंत विस्तृत जानकारी जुटाने और पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
विदेश मंत्री जयशंकर ने भी व्यक्त की संवेदना

विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने हादसे पर शोक जताते हुए कहा कि रियाद स्थित भारतीय दूतावास और जेद्दा स्थित महावाणिज्य दूतावास प्रभावित भारतीय नागरिकों को हर तरह की सहायता प्रदान कर रहे हैं।
उन्होंने कहा,
“मदीना के पास हुई इस दुर्घटना से गहरा दुख पहुंचा है। शोक संतप्त परिवारों के प्रति हमारी संवेदना है और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।”
भारतीय दूतावास ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर
जेद्दा स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास ने हादसे को देखते हुए आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर जारी किया है, ताकि पीड़ित परिवारों को तत्काल जानकारी उपलब्ध कराई जा सके। मक्का–मदीना हाईवे उमरा और हज यात्रियों का सबसे व्यस्त मार्ग माना जाता है, जहां हर साल हजारों भारतीय गुजरते हैं।
जेद्दा स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास में एक 24×7 नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है।
हेल्पलाइन का संपर्क विवरण इस प्रकार है:
8002440003 (टोल फ्री)
0122614093
0126614276
0556122301 (व्हाट्सएप)
पहले भी हो चुके हैं सड़क हादसे
मक्का–मदीना मार्ग पर दुर्घटनाएँ पहले भी होती रही हैं। वर्ष 2023 में इसी रूट पर हुए एक हादसे में 20 लोगों की मौत हुई थी। हाईवे पर वाहनों का अत्यधिक दबाव और तेज रफ्तार कई बार ऐसी त्रासदियों का कारण बनती है। सऊदी प्रशासन और भारतीय दूतावास फिलहाल राहत और सहायता कार्य में सक्रिय हैं। मृतकों की पहचान और आवश्यक औपचारिकताओं की प्रक्रिया तेजी से जारी है।