अयोध्या में ऐतिहासिक घड़ी नजदीक: 25 नवंबर को राम मंदिर के शिखर पर फहरेगा धर्म ध्वज

0

तैयारियों का अंतिम दौर शुरू

NEWS1UP

विशेष संवाददाता

अयोध्या। श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के शिखर पर धर्म ध्वज फहराने का ऐतिहासिक क्षण अब बिल्कुल निकट है। 25 नवंबर को होने वाले इस भव्य ध्वजारोहण समारोह के लिए अयोध्या में तैयारियां चरम पर हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वयं इस महत्त्वपूर्ण अनुष्ठान में शामिल होंगे और करीब चार घंटे तक अयोध्या में प्रवास करेंगे। कार्यक्रम से पूर्व शहर में सुरक्षा, व्यवस्थाओं और वीवीआईपी मूवमेंट की विशेष तैयारियों को युद्धस्तर पर पूरा किया जा रहा है।

पीएम मोदी का विशेष प्रवास: सप्त ऋषि मंदिर से होगी शुरुआत

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का अयोध्या दौरा 25 नवंबर की सुबह सप्त ऋषि मंदिर से शुरू होगा, जहां वे सातों ऋषियों की प्रार्थना और वैदिक अनुष्ठान में शामिल होंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री शेषावतार मंदिर में लक्ष्मण जी के समक्ष आराधना करेंगे। मंदिर शिखर पर धर्म ध्वज फहराने का शुभ मुहूर्त 11:58 बजे से दोपहर 1 बजे तक निर्धारित किया गया है।

इसी पवित्र काल में प्रधानमंत्री मंदिर के शिखर पर धर्म ध्वज स्थापित करेंगे और ध्वजारोहण के पश्चात देश को संबोधित करते हुए श्रीराम मंदिर निर्माण की पूर्णता का औपचारिक ऐलान करेंगे।

सुरक्षा चाक-चौबंद: SPG–CISF की संयुक्त निगरानी

प्रधानमंत्री की यात्रा को देखते हुए अयोध्या को सुरक्षा के अभूतपूर्व घेरे में परिवर्तित कर दिया गया है। अयोध्या एयरपोर्ट पर 100 अतिरिक्त CISF जवान तैनात किए जा रहे हैं, SPG और स्थानीय सुरक्षा एजेंसियां लगातार मार्ग का निरीक्षण कर रही हैं। एयरपोर्ट से राम मंदिर तक 8 किलोमीटर लंबे रूट पर विशेष बैरिकेडिंग की गयी है। भीड़ प्रबंधन और वीवीआईपी मूवमेंट के लिए पहला मॉक ट्रायल पूरा, दूसरा CM योगी की मौजूदगी में पूरा हुआ। 

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वयं व्यवस्था का निरीक्षण कर रहे हैं। उन्होंने ट्रस्ट पदाधिकारियों और प्रशासन के साथ समीक्षा बैठक भी की।

अयोध्या एयरपोर्ट पर 80 चार्टर्ड विमानों के लिए विशेष प्लान

ध्वजारोहण समारोह में देश–विदेश से अनेक गणमान्य अतिथियों के आने की संभावना है।
अयोध्या एयरपोर्ट निदेशक धीरेंद्र सिंह के अनुसार:

  • 40 से 80 चार्टर्ड विमानों के संचालन की व्यवस्था

  • पार्किंग के लिए लखनऊ, बहराइच, वाराणसी आदि हवाई अड्डों का उपयोग

  • प्रधानमंत्री के लिए एक स्पेशल लाउंज तैयार

  • मुख्यमंत्री, राज्यपाल व अन्य वीवीआईपी के लिए 6 विशेष लाउंज बनाए गए

24 नवंबर से पहुंचने लगेंगे अतिथि: 1,600 कमरे आरक्षित

श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने आमंत्रित सभी अतिथियों से 24 नवंबर तक अयोध्या पहुंचने का अनुरोध किया है। मेहमानों के लिए विभिन्न होटलों और टेंट सिटी में 1,600 कमरे आरक्षित किए गए हैं। 25 नवंबर को सुबह 7:30 से 9 बजे के बीच ही प्रवेश मिलेगा।

ट्रस्ट महासचिव चंपत राय ने बताया कि अतिथियों के स्वागत, आवास और कार्यक्रम व्यवस्था की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

स्वास्थ्य सेवाएं भी मजबूत: मेडिकल कॉलेज में 50 बेड आरक्षित

अयोध्या के जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे ने बताया कि किसी भी आपात स्थिति के लिए अयोध्या मेडिकल कॉलेज में 50 बिस्तर आरक्षित हैं। 24 डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की विशेष टीम की तैनाती के साथ एंबुलेंस और मेडिकल यूनिट भी विभिन्न स्थानों पर सक्रिय रखी गई हैं। 

नृपेंद्र मिश्र ने किया विस्तृत निरीक्षण

राम मंदिर निर्माण समिति के चेयरमैन नृपेंद्र मिश्र अयोध्या पहुंचे और मंदिर परिसर से लेकर शहर के प्रमुख मार्गों तक सभी तैयारियों का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने सुरक्षा, यातायात और अतिथि प्रबंधन को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

ऐतिहासिक क्षण का इंतज़ार

रामनगरी अयोध्या इन दिनों पूरी तरह उत्सवधर्मी माहौल में डूबी हुई है। मंदिर परिसर, प्रमुख मार्गों और घाटों पर विशेष सजावट की जा रही है। स्थानीय लोग और संत समाज इस अवसर को धार्मिक इतिहास का एक स्वर्णिम अध्याय मान रहे हैं। 25 नवंबर को होने वाला यह भव्य ध्वजारोहण समारोह न सिर्फ अयोध्या, बल्कि पूरे देश के लिए एक ऐतिहासिक क्षण बनने जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!