February 12, 2026

पुलिस कमिश्नर का विजयनगर थाने पर औचक निरीक्षण: पुलिसकर्मियों को जनता के प्रति जिम्मेदार और संवेदनशील रहने को कहा!

0
2
0

फरियादियों से संवेदनशील व्यवहार के निर्देश

महिला सुरक्षा पर विशेष जोर

NEWS1UP

संवाददाता

गाजियाबाद। जिले में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नर जे. रविंद्र गौड़ ने आज विजयनगर थाने का अचानक निरीक्षण किया। उनके अचानक पहुंचने से थाने में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मी तुरंत सतर्क हो गए और वर्दी व अपने-अपने कार्यस्थलों को दुरुस्त करते दिखाई दिए।

निरीक्षण के दौरान कमिश्नर ने विभिन्न रजिस्टरों की गहन जांच की, जिनमें उपस्थित विवरण, शिकायत रजिस्टर, मालखाना रिकॉर्ड सहित अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज शामिल थे। उन्होंने थाने परिसर की साफ-सफाई, कार्यालय व्यवस्था और रिकॉर्ड प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया।

कमिश्नर गौड़ ने मौके पर मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि थाने में आने वाले प्रत्येक फरियादी के साथ विनम्रता और संवेदनशीलता के साथ व्यवहार किया जाए। खासतौर पर महिला फरियादियों की शिकायतों को प्राथमिकता देते हुए सम्मानजनक तरीके से सुनवाई करने पर जोर दिया। साथ ही, उन्होंने पुलिसकर्मियों को जनता के प्रति सकारात्मक और जिम्मेदार रवैया बनाए रखने की हिदायत दी।

औचक निरीक्षण का उद्देश्य पुलिस कार्यप्रणाली में पारदर्शिता बढ़ाना, अनुशासन को मजबूत करना और जनता के प्रति पुलिस की जवाबदेही सुनिश्चित करना बताया जा रहा है। कमिश्नर ने स्पष्ट संकेत दिए कि भविष्य में भी इस प्रकार के निरीक्षण जारी रहेंगे, ताकि थानों की कार्यशैली में और सुधार लाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!