February 10, 2026

जेकेजी इंटरनेशनल स्कूल का वार्षिक मेला: ‘फ्रॉस्टी फिएस्टा’ बना उल्लास और रचनात्मकता का मंच

0
0
0

 

फोटो जर्नलिस्ट, अनिल कुमार शर्मा

NEWS1UP

संवाददाता

गाजियाबाद। विजय नगर सेक्टर-9 स्थित जेकेजी इंटरनेशनल स्कूल में शनिवार को आयोजित वार्षिक मेले ‘फ्रॉस्टी फिएस्टा’ ने न केवल विद्यार्थियों बल्कि अभिभावकों और आमंत्रित अतिथियों के दिलों पर भी गहरी छाप छोड़ी। रंग-बिरंगे स्टॉल, बच्चों की जीवंत प्रस्तुतियाँ और रचनात्मक गतिविधियों से सजा यह मेला पूरे दिन उत्साह और उमंग का केंद्र बना रहा ।

कार्यक्रम का औपचारिक उद्घाटन विद्यालय प्रबंधन समिति की अध्यक्ष श्रीमती ऊषा गौड़ तथा विद्यालय के निदेशक डॉ. करुण कुमार गौड़ द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। उद्घाटन अवसर पर श्रीमती ऊषा गौड़ ने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से बच्चों के भीतर छिपी रचनात्मक शक्ति और आत्मविश्वास को नया आयाम मिलता है। खेल-खेल में सीखने की प्रक्रिया बच्चों को व्यवहारिक ज्ञान से जोड़ती है, जो उनके सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है ।

विद्यालय के निदेशक डॉ. करुण कुमार गौड़ ने अपने संबोधन में कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों की प्रतिभा में रंग भरते हैं और उन्हें हर क्षेत्र में सफलता प्राप्त करने के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल पुस्तकीय ज्ञान नहीं, बल्कि जीवन कौशलों का विकास भी होना चाहिए, जिसकी झलक इस मेले में स्पष्ट रूप से देखने को मिली ।

विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती अंजू गौड़ ने कहा कि स्कूल का मुख्य लक्ष्य विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारते हुए उनका चहुंमुखी विकास करना है, ताकि वे शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक और राष्ट्रीय विकास में भी सार्थक योगदान दे सकें। उन्होंने विद्यार्थियों की मेहनत और शिक्षकों के मार्गदर्शन की सराहना की ।

‘फ्रॉस्टी फिएस्टा’ मेले में विद्यार्थियों द्वारा लगाए गए मनोरंजक खेलों के स्टॉल, खाद्य स्टॉल और रचनात्मक गतिविधियों ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। विशेष रूप से फूड स्टॉल पर बच्चों ने अपनी पाक-कला का शानदार प्रदर्शन किया, जहां स्वाद और स्वच्छता दोनों का विशेष ध्यान रखा गया। मेले में बच्चों के साथ-साथ बड़ों की भी भारी भीड़ उमड़ी रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!