February 12, 2026

महागुनपुरम एओए चुनाव: 11 जनवरी को लोकतंत्र की परीक्षा, 27 प्रत्याशी मैदान में

0
1
0

फर्स्ट ओनर डाल सकेंगे वोट

प्रॉक्सी वोटिंग की अनुमति नहीं

NEWS1UP

भूमेश शर्मा

गाजियाबाद। एनएच-9 स्थित हाईराइज सोसाइटी महागुनपुरम में आगामी 11 जनवरी को अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन (AOA) की नई कार्यकारिणी के गठन के लिए चुनाव कराए जाएंगे। चुनाव प्रक्रिया को नियमों के अनुरूप, पारदर्शी और निष्पक्ष ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से नौ सदस्यों की एक चुनाव समिति का गठन किया गया है, जिसमें अमरनाथ सिंह को मुख्य निर्वाचन अधिकारी नियुक्त किया गया है।

सोसाइटी के इस महत्वपूर्ण चुनावी मुकाबले में निवासियों की तीन अलग-अलग टीमें अपनी किस्मत आज़मा रही हैं। कुल 27 प्रत्याशी मैदान में हैं। एक टीम ने स्वयं को ‘टीम परिवर्तन’, दूसरी ने ‘टीम प्रयासपुरम’ नाम दिया है, जबकि तीसरी टीम के नौ प्रत्याशी बिना किसी नाम के स्वतंत्र रूप से चुनाव लड़ रहे हैं।

जंगल और दूषित पानी से महामारी का खतरा

चुनावी माहौल में वादों और दावों की सरगर्मी तेज़ है। टीम परिवर्तन के प्रत्याशी सुमित अग्रवाल ने पिछली एओए टीम पर सोसाइटी की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में बुनियादी समस्याएं लगातार बढ़ती चली गईं। उन्होंने बताया कि सोसाइटी के पीछे के हिस्से में जंगलनुमा झाड़ियाँ फैल चुकी हैं, जहां दूषित पानी जमा हो रहा है, जिससे महामारी फैलने का गंभीर खतरा बना हुआ है।

सुमित अग्रवाल

सुमित अग्रवाल का कहना है कि-

यदि उनकी टीम को निवासियों का समर्थन मिला, तो सबसे पहली प्राथमिकता उस क्षेत्र की व्यापक सफाई कराना होगा। इसके साथ ही स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करना भी उनकी टीम का प्रमुख लक्ष्य है।

टीम परिवर्तन के चुनावी घोषणापत्र में बिल्डर से पारदर्शी प्रक्रिया के तहत सम्पूर्ण हैंडओवर, मौजूदा एसटीपी का उन्नयन एवं नए एसटीपी की स्थापना, लिफ्टों का अपग्रेडेशन, पार्कों का सौन्दर्यीकरण, निर्धारित फीडिंग ज़ोन की व्यवस्था तथा आवारा कुत्तों की समस्या के स्थायी समाधान जैसे अहम मुद्दों को शामिल किया गया है।

बच्चों और संस्कृति पर विशेष फोकस

टीम परिवर्तन की प्रत्याशी ममता पाठक ने कहा कि-

ममता पाठक

बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पार्कों में सुरक्षित झूले और खेलने के समुचित स्थान विकसित किए जाएंगे। इसके अलावा सोसाइटी में धार्मिक और सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए उप-समितियों का गठन भी किया जाएगा।

इसी तरह अन्य टीमें और प्रत्याशी भी सोसाइटी के विकास, सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर अपने-अपने वादे और दावे पेश कर रहे हैं। अब यह फैसला सोसाइटी के मतदाताओं को करना है कि वे किस टीम को अपनी जिम्मेदारी सौंपते हैं।

1250 मतदाता, फर्स्ट ऑनर ही डाल सकेंगे वोट

मुख्य निर्वाचन अधिकारी अमरनाथ सिंह ने बताया कि सोसाइटी में कुल 1250 मतदाता हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि मॉडल बायलॉज के अनुसार केवल फर्स्ट ओनर को ही मतदान का अधिकार होगा तथा प्रॉक्सी वोटिंग की अनुमति नहीं दी जाएगी

अमरनाथ सिंह के अनुसार-

अमरनाथ सिंह

“सोसाइटी में सभी प्रत्याशी, मतदाता और निवासी लोकतांत्रिक प्रक्रिया में पूरे उत्साह के साथ भाग ले रहे हैं। किसी भी प्रकार की अनुशासनहीनता न तो है और न ही होने दी जाएगी। चुनाव पूरी तरह शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से सम्पन्न कराए जाएंगे।”

उन्होंने यह भी बताया कि 11 जनवरी को मतदान के तुरंत बाद ही नतीजों की घोषणा कर दी जाएगी। ऐसे में महागुनपुरम के निवासियों की निगाहें उस दिन पर टिकी हैं, जब यह तय होगा कि आने वाले वर्षों में सोसाइटी की कमान किसके हाथों में होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!