मकर संक्रांति पर ‘गोल्फलिंक वैश्य सभा ट्रस्ट’ ने किया लोई व खिचड़ी प्रसाद वितरण!

0

NEWS1UP

प्रभात अरोड़ा

गाजियाबाद। मकर संक्रांति के पावन अवसर पर एनएच 9 स्थित गोल्फलिंक्स टाउनशिप के गेट नंबर–1 पर गोल्फलिंक वैश्य सभा ट्रस्ट द्वारा सामाजिक सरोकार और मानवीय संवेदनाओं का सुंदर उदाहरण प्रस्तुत किया गया। ट्रस्ट की ओर से लोई वितरण एवं खिचड़ी के प्रसाद का आयोजन किया गया, जिसमें जरूरतमंदों के साथ-साथ सोसाइटी के मेंटेनेंस स्टाफ, सुरक्षा गार्ड और अन्य कर्मचारियों को भी सम्मानपूर्वक शामिल किया गया।

इस सेवा कार्यक्रम में सोसाइटी की महिलाओं और निवासियों ने बढ़-चढ़कर सहयोग किया, जिससे आयोजन अत्यंत सुव्यवस्थित, गरिमामय और सफल रहा। ठंड के मौसम में लोई वितरण ने न केवल जरूरतमंदों को राहत दी, बल्कि समाज में आपसी सहयोग और करुणा का संदेश भी दिया।

आयोजन में ट्रस्ट के अध्यक्ष अजय गुप्ता, उपाध्यक्ष पुनीत गर्ग, सचिव आर.सी. गुप्ता, कोषाध्यक्ष दुर्गेश गर्ग सहित संस्था के सभी सक्रिय सदस्य उपस्थित रहे। सभी पदाधिकारियों ने स्वयं व्यवस्थाओं की निगरानी करते हुए सेवा कार्य में भाग लिया।

ट्रस्ट के संस्थापक अध्यक्ष, गौरव गुप्ता ने इस अवसर पर पूरी टीम, महिलाओं एवं सहयोगी निवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज को जोड़ने का कार्य करते हैं और यही संस्था का मूल उद्देश्य भी है। उन्होंने भविष्य में भी इसी तरह के सामाजिक एवं सेवा-प्रधान कार्यक्रमों को निरंतर आयोजित करने की प्रतिबद्धता दोहराई।

गोल्फलिंक वैश्य सभा ट्रस्ट का यह प्रयास निस्संदेह समाज के प्रति उसकी जिम्मेदारी, सेवा भावना और सकारात्मक सोच को दर्शाता है, जो अन्य संस्थाओं के लिए भी प्रेरणास्रोत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!