रोज़ बेल पब्लिक स्कूल में विशेष ‘आधार कार्ड कैंप’ का आयोजन!
बीएसए ओम प्रकाश यादव ने किया उद्घाटन
NEWS1UP
संवाददाता
गाजियाबाद। विजयनगर क्षेत्र स्थित रोज़ बेल पब्लिक स्कूल (एल-ब्लॉक, सेक्टर-9) के प्रांगण में एक विशेष आधार कार्ड कैंप का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन बेसिक शिक्षा अधिकारी ओम प्रकाश यादव द्वारा किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में उत्साह और सकारात्मक वातावरण देखने को मिला।
कार्यक्रम में विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती धर्मजीत कौर एवं विद्यालय के चेयरमैन सरदार जोगेंद्र सिंह ने मुख्य अतिथि सहित सभी आगंतुकों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। उन्होंने आधार कार्ड कैंप के आयोजन को विद्यार्थियों एवं अभिभावकों के लिए अत्यंत उपयोगी बताते हुए विद्यालय के सामाजिक दायित्व का उदाहरण बताया।

बीएसए ओम प्रकाश यादव ने अपने संबोधन में कहा कि आधार कार्ड जैसी आवश्यक सेवाओं को विद्यालय स्तर पर उपलब्ध कराना एक सराहनीय पहल है, जिससे विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को सुविधा मिलती है। उन्होंने शिक्षा के साथ-साथ प्रशासनिक जागरूकता को भी आवश्यक बताया।
भारतीय जनता पार्टी अल्पसंख्यक मोर्चा के महानगर अध्यक्ष, बलप्रीत सिंह ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक सकारात्मक कदम उठाना रहा। विद्यालय परिवार ने सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया और कार्यक्रम के सफल आयोजन पर प्रसन्नता व्यक्त की।
इस गरिमामयी अवसर पर अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे, जिनमें नरेन्द्र कुमार बिल्लू (महानगर अध्यक्ष, सेल्फ फाइनेंस प्रोग्रेसिव स्कूल प्रबंधक एसोसिएशन, गाजियाबाद) तथा डॉ. राज कुमार (जिला व्यायाम शिक्षक, गाजियाबाद) प्रमुख रूप से शामिल रहे। अतिथियों ने विद्यालय द्वारा किए जा रहे शैक्षणिक एवं सामाजिक प्रयासों की सराहना की।
