इंदौर के भागीरथपुरा में दूषित पानी प्रकरण, राहुल गांधी ने सरकार को घेरा!
NEWS1UP
पॉलिटिकल डेस्क
इंदौर। इंदौर के भागीरथपुरा क्षेत्र में दूषित पेयजल पीने से कई लोगों की मौत और दर्जनों के बीमार होने के मामले ने ‘स्मार्ट सिटी’ के सरकारी दावों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर हालात का जायजा लिया और इसे सरकार की घोर लापरवाही बताया।

राहुल गांधी ने कहा कि भागीरथपुरा में लोगों को पीने के लिए साफ पानी तक नहीं मिल रहा, जबकि विकास और अर्बन मॉडल के बड़े-बड़े दावे किए जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि दूषित पानी से हुई मौतें किसी दुर्घटना का नहीं, बल्कि प्रशासनिक विफलता का परिणाम हैं।
उन्होंने कहा, “यह स्मार्ट सिटी का ऐसा मॉडल है, जहां लोगों को डराया जा रहा है और बुनियादी सुविधाओं से वंचित रखा जा रहा है। साफ पानी और स्वच्छ हवा देना सरकार की जिम्मेदारी है, लेकिन सरकार इसमें असफल रही है।”
नेता प्रतिपक्ष ने स्पष्ट किया कि यह समस्या सिर्फ इंदौर तक सीमित नहीं, बल्कि देश के अन्य शहरों में भी इसी तरह की स्थिति है। उन्होंने सरकार से मृतकों के परिजनों और बीमार लोगों को उचित मुआवजा देने, पानी की गुणवत्ता की जांच कराने और क्षेत्र में सुरक्षित पेयजल की स्थायी व्यवस्था करने की मांग की।
अंत में राहुल गांधी ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष होने के नाते पीड़ितों की आवाज उठाना उनका कर्तव्य है और वे पीड़ित परिवारों के साथ खड़े हैं।
