मंदिर तोड़ने का ‘सफेद झूठ’ फैला रही है कांग्रेस: योगी आदित्यनाथ

0

एआई जनरेटेड वीडियो के ज़रिये काशी की आस्था

और विकास को बदनाम करने की साज़िश

NEWS1UP

भूमेश शर्मा

काशी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि काशी के मंदिरों और मणिकर्णिका घाट को तोड़ने का झूठ फैलाने के लिए एआई जनरेटेड और भ्रामक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने इसे काशी के समग्र विकास को बाधित करने की साज़िश करार दिया।

बाबा काशी विश्वनाथ की पूजा करते सीएम योगी

शनिवार को बाबा काशी विश्वनाथ के दर्शन के बाद मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि मणिकर्णिका घाट का पुनर्विकास पौराणिक महत्व, धार्मिक परंपराओं और शास्त्रीय मर्यादाओं को अक्षुण्ण रखते हुए किया जाएगा। किसी भी मंदिर, धार्मिक स्थल या आस्था से किसी प्रकार का छेड़छाड़ नहीं की जा रही है।

काशी विश्वनाथ धाम के समय भी रचा गया था भ्रम

सीएम योगी ने कहा कि जब काशी विश्वनाथ धाम का निर्माण हो रहा था, तब भी कुछ लोगों ने साजिश के तहत वर्कशॉप से टूटी मूर्तियों के अवशेष उठाकर सोशल मीडिया पर वायरल किए और यह झूठ फैलाया कि मंदिर तोड़े जा रहे हैं।

उन्होंने दो टूक कहा-

“यह सफेद झूठ था, है और रहेगा। मंदिर तोड़े नहीं गए, बल्कि उनका पुनरुद्धार हुआ है।”

11 वर्षों में काशी ने रचा विकास का नया अध्याय

मुख्यमंत्री ने बताया कि स्वतंत्र भारत में काशी को वह सम्मान और विकास नहीं मिला, जिसकी वह हकदार थी। बीते 11 वर्षों में काशी ने अपनी आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत को संजोते हुए भौतिक विकास के नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं।

‘मेरी काशी’ प्रधानमंत्री की भावनात्मक प्रतिबद्धता

सीएम योगी ने कहा कि यह काशी का सौभाग्य है कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वयं इसके सांसद हैं और बार-बार कहते हैं “मेरी काशी”। प्रधानमंत्री की स्पष्ट सोच रही है कि काशी की प्राचीन आत्मा को संरक्षित रखते हुए उसे आधुनिक स्वरूप में विश्व के सामने प्रस्तुत किया जाए, और इसी दृष्टि से सभी विकास परियोजनाएं तैयार की गई हैं।

काशी का देश की GDP में 1.3 लाख करोड़ का योगदान

काशी विश्वनाथ धाम कॉरिडोर के बाद आए बदलावों को रेखांकित करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि पहले प्रतिदिन 5 से 25 हजार श्रद्धालु दर्शन करते थे, अब प्रतिदिन 1.25 से 1.5 लाख श्रद्धालु आते हैं। विशेष अवसरों पर यह संख्या 6 से 10 लाख तक पहुंचती है। वर्ष 2024 में 11 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। उनके मुताबिक, अब तक काशी ने देश की GDP में 1.3 लाख करोड़ रुपये का योगदान दिया है। 

पत्रकारों से वार्ता करते योगी आदित्यनाथ

कांग्रेस ने कभी विरासत का सम्मान नहीं किया

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस से सवाल पूछा कि सौ वर्ष पहले चोरी होकर यूरोप पहुंची मां अन्नपूर्णा की मूर्ति को वापस लाने का प्रयास 1947 से 2014 तक कांग्रेस सरकारों ने क्यों नहीं किया ? उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयास से ही मां अन्नपूर्णा की मूर्ति वापस आई और काशी में स्थापित हुई।

सीएम योगी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने हमेशा तुष्टीकरण की राजनीति की और भारत की आस्था व विरासत का अपमान किया।

सौ चूहे खाकर बिल्ली हज को चली

कांग्रेस की आलोचना करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा- 

“जिन लोगों ने सदैव विरासत का अपमान किया, वे आज विकास की बात कर रहे हैं। यह वही स्थिति है, ‘सौ चूहे खाकर बिल्ली हज को चली’।”

उन्होंने कहा कि चाहे अयोध्या में श्रीराम मंदिर हो, काशी, प्रयागराज, विंध्यवासिनी धाम या बौद्ध तीर्थस्थल भारत की विरासत का संरक्षण और सौंदर्यीकरण प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में पूरी पारदर्शिता और श्रद्धा के साथ हो रहा है।

विकास में बाधा डालना कांग्रेस की पुरानी आदत

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस न केवल मणिकर्णिका घाट बल्कि हर उस परियोजना में बाधा उत्पन्न करेगी जो देश, प्रदेश और लोककल्याण से जुड़ी होगी। लेकिन जनता अब सच्चाई समझ चुकी है और झूठे दुष्प्रचार को स्वीकार नहीं करेगी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!