26 जनवरी को ‘अजनारा इंटिग्रिटी’ में रक्तदान व स्वास्थ्य शिविर!
दीपंशु मित्तल ने नागरिकों से की भागीदारी की अपील
NEWS1UP
संवाददाता
गाजियाबाद। देश की आज़ादी, संविधान और शहीदों के बलिदान को सच्ची श्रद्धांजलि देने के उद्देश्य से 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर राजनगर एक्सटेंशन स्थित अजनारा इंटिग्रिटी सोसाइटी में रक्तदान एवं निःशुल्क स्वास्थ्य जाँच शिविर का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह सेवा शिविर 26 जनवरी को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक सोसाइटी के क्लब हाउस परिसर में आयोजित होगा।
राजनगर एक्सटेंशन रक्तदान–महादान समूह के संयोजक एवं सामाजिक कार्यकर्ता दीपंशु मित्तल ने जानकारी देते हुए बताया कि रक्तदान केवल एक सामाजिक कर्तव्य नहीं, बल्कि मानवता के प्रति हमारी सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्व पर रक्तदान कर देश के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर करने वाले वीर शहीदों को इससे बड़ी कोई श्रद्धांजलि नहीं हो सकती।

एक रक्तदान, कई ज़िंदगियों का संबल
दीपंशु मित्तल ने बताया कि आज भी अस्पतालों में रक्त की भारी कमी बनी रहती है, ऐसे में प्रत्येक स्वस्थ नागरिक का रक्तदान किसी ज़रूरतमंद के लिए जीवनदान बन सकता है। उन्होंने राजनगर एक्सटेंशन, गाजियाबाद एवं आसपास के क्षेत्रों के नागरिकों से अपील की कि वे इस महादान में भाग लेकर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाएँ।
निःशुल्क स्वास्थ्य जाँच की व्यापक व्यवस्था
शिविर में रक्तदान के साथ-साथ नागरिकों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए निःशुल्क स्वास्थ्य जाँच की समुचित व्यवस्था की गई है। इसमें ब्लड शुगर, कोलेस्ट्रॉल, यूरिक एसिड, ब्लड प्रेशर, पीएफटी (फेफड़ों की जाँच), दंत परीक्षण और नेत्र परीक्षण जैसी महत्वपूर्ण जाँचें अनुभवी चिकित्सकों द्वारा पूरी तरह निःशुल्क की जाएँगी, जिससे आम नागरिक समय रहते अपनी स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी प्राप्त कर सकें।
सामूहिक प्रयास से सामाजिक चेतना
यह शिविर अजनारा इंटिग्रिटी एओए एवं राजनगर एक्सटेंशन रक्तदान–महादान समूह के संयुक्त तत्वावधान में तथा गाजियाबाद ब्लड सेंटर के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। आयोजकों ने बताया कि रक्तदाताओं की सुरक्षा, स्वच्छता एवं सुविधा का पूरा ध्यान रखा जाएगा।
