NOIDA: ‘यादव जी की लव स्टोरी’ के खिलाफ जिला मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन, फिल्म पर रोक की मांग!
फिल्म पर प्रतिबंध की मांग
NEWS1UP
संवाददाता
गौतम बुद्ध नगर। 27 फरवरी को रिलीज होने जा रही फिल्म ‘यादव जी की लव स्टोरी’ के विरोध में आज जिला मुख्यालय कलेक्ट्रेट पर विभिन्न सामाजिक संगठनों ने संयुक्त रूप से प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने फिल्म के प्रदर्शन पर तत्काल रोक लगाने और निर्माता, निर्देशक व कलाकारों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग उठाई।
यादव समाज गौतम बुद्ध नगर, आर्य समाज एवं भारतीय किसान यूनियन मंच के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। प्रदर्शन के बाद जिला अधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया।
जातिसूचक शीर्षक पर आपत्ति
इस अवसर पर भाकियू मंच के राष्ट्रीय महासचिव मास्टर मनमिंदर भाटी ने कहा कि किसी जाति विशेष के नाम से फिल्म बनाना यादव समाज का अपमान है। उन्होंने आरोप लगाया कि फिल्म में ‘लव जिहाद’ को महिमामंडित किया गया है और इससे समाज की छवि को ठेस पहुंचाने का प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा कि 36 बिरादरी यादव समाज के साथ खड़ी है और फिल्म पर रोक लगने तक आंदोलन जारी रहेगा।
आर्य सागर खारी ने कहा कि किसी भी समाज या जातिसूचक शीर्षक के नाम पर फिल्म बनाना न केवल अमर्यादित है, बल्कि सामाजिक सौहार्द के लिए भी घातक है। उन्होंने कहा कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के नाम पर किसी समुदाय को बदनाम नहीं किया जा सकता।
सड़क से संसद तक आंदोलन की चेतावनी
युवा प्रदेश अध्यक्ष सागर यादव ने चेतावनी दी कि यदि फिल्म पर रोक नहीं लगाई गई तो यादव समाज सड़क से लेकर संसद तक प्रदर्शन करेगा। उनका कहना था कि एक सोची-समझी साजिश के तहत समाज को बदनाम करने की कोशिश की जा रही है।
चिंकू यादव ने कहा कि यादव समाज भगवान श्रीकृष्ण का वंशज है और “जय यादव, जय माधव” की संस्कृति को मानता है। उन्होंने कहा कि देश में लगभग 26 करोड़ यादव आबादी है और इतनी बड़ी जनसंख्या की भावनाओं के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि फिल्म निर्माताओं ने सस्ती लोकप्रियता और आर्थिक स्वार्थों के लिए समाज की भावनाओं को आहत किया है।
प्रदर्शन में विमल त्यागी (राष्ट्रीय अध्यक्ष), विक्रांत भाटी, रिकू यादव, दानिश सैफी, रोहित यादव, राहुल यादव, अंकित यादव, आशीष त्यागी, सौरभ यादव, गब्बर सिंह, समीर प्रधान, कृष्ण भड़ाना, अमित प्रधान, अन्नू सरपंच, एडवोकेट तनिष्क चदैला, मयंक शर्मा, डॉ. मोहसिन, विकास, यश अवाना, आस मोहम्मद, डब्बू प्रधान, प्रशांत चौधरी, कमल शर्मा, कुलदीप, अर्जुन गुलफाम, उमैद, अब्दुल हसन सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
