जमानत पर बाहर आकर धमकाने वालों की अब खैर नहीं: सीएम योगी
गोरखनाथ मंदिर में जनता दर्शन
हर शिकायत पर तुरंत कार्रवाई का भरोसा
NEWS1UP
भूमेश शर्मा
गोरखपुर। उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक बार फिर स्पष्ट और कड़ा रुख अपनाया है। गोरखपुर प्रवास के दौरान आयोजित जनता दर्शन में उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि प्रदेश में किसी भी प्रकार की गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दबंगई और धमकी देने वाले तत्वों के खिलाफ पुलिस को तत्काल और कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
दबंगों पर सख्ती, जमानत निरस्तीकरण तक के निर्देश
जनता दर्शन में पहुंचे कई लोगों ने शिकायत की कि कुछ दबंग जमानत पर छूटने के बाद वादी को डराने-धमकाने का काम कर रहे हैं। इस पर मुख्यमंत्री ने पुलिस अधिकारियों को दो टूक निर्देश देते हुए कहा कि ऐसे मामलों में संबंधित अभियुक्तों की जमानत निरस्त कराने की प्रक्रिया तुरंत शुरू की जाए। उन्होंने कहा कि कानून का दुरुपयोग किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं होगा।
200 से अधिक फरियादियों की सुनी समस्याएं
गोरखनाथ मंदिर परिसर में स्थित महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर आयोजित जनता दर्शन में मुख्यमंत्री ने करीब 200 लोगों की समस्याएं सुनीं। विभिन्न जिलों से आए फरियादियों ने जमीन कब्जा, दबंगई, पुलिस कार्रवाई में ढिलाई और आर्थिक सहायता जैसे मुद्दे उठाए। मुख्यमंत्री ने सभी प्रार्थना पत्रों को संबंधित अधिकारियों को भेजते हुए त्वरित और संतुष्टिपरक निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

हर व्यक्ति को न्याय, बिना भेदभाव
सीएम योगी ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि हर व्यक्ति को बिना भेदभाव न्याय मिले। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि हर पात्र व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचे और किसी भी जरूरतमंद को इलाज या सहायता के लिए भटकना न पड़े।
उन्होंने विशेष रूप से भू-माफियाओं और जमीन कब्जाने वाले तत्वों के खिलाफ अभियान को और तेज करने का निर्देश दिया।
इलाज के लिए सरकार देगी पूरी मदद
जनता दर्शन में कई लोग गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक मदद की गुहार लेकर पहुंचे। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि धन के अभाव में किसी का इलाज नहीं रुकेगा। उन्होंने कहा कि जैसे ही अस्पताल से उपचार का अनुमान (एस्टीमेट) प्राप्त होगा, सरकार तुरंत आर्थिक सहायता उपलब्ध कराएगी।
मानवीय संवेदना भी दिखी

इस दौरान मुख्यमंत्री का संवेदनशील और स्नेहपूर्ण पक्ष भी देखने को मिला। अपने परिजनों के साथ पहुंचे बच्चों को उन्होंने दुलार किया, चॉकलेट दी और आशीर्वाद प्रदान किया।
