November 11, 2026
[t4b-ticker]

नोएडा में GRAP-3 का शिकंजा: पुरानी कारों की एंट्री पर रोक, बार-बार नियम तोड़ा तो होगी सीज!

0
F

DND, चिल्ला और कालिंदी कुंज समेत प्रमुख बॉर्डर पर 24 घंटे निगरानी

BS-III पेट्रोल और BS-IV डीजल कार चालकों को सतर्क रहने की जरूरत

NEWS1UP

संवाददाता

नोएडा। दिल्ली-NCR की दमघोंटू होती हवा का असर अब सीधे वाहन चालकों की जेब और आवाजाही पर पड़ने लगा है। प्रदूषण पर लगाम लगाने के लिए GRAP-III लागू होते ही नोएडा में ट्रैफिक पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। प्रतिबंधित श्रेणी के वाहनों को रोकने के लिए शहर के प्रवेश मार्गों पर निगरानी शुरू कर दी गई है। खासकर BS-III पेट्रोल और BS-IV डीजल चार पहिया वाहनों के चालकों को सावधान रहने की जरूरत है। नियमों की अनदेखी पर वाहन रोका जा सकता है और बार-बार उल्लंघन करने पर सीज करने की कार्रवाई भी हो सकती है।

जिले में 1.51 लाख BS-III और BS-IV वाहन, लेकिन प्रतिबंध सभी पर नहीं

गौतमबुद्ध नगर ट्रैफिक पुलिस के DCP सैय्यद अली अब्बास के मुताबिक, दिल्ली-NCR में प्रदूषण बढ़ने के बाद GRAP-III के प्रावधानों के तहत प्रतिबंधित वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाई गई है। परिवहन विभाग के आंकड़ों के अनुसार, जिले में करीब एक लाख BS-IV और 51 हजार से अधिक BS-III वाहन पंजीकृत हैं।

हालांकि, यहां वाहन चालकों के लिए यह समझना जरूरी है कि प्रतिबंध का मतलब सभी BS-III और BS-IV वाहनों पर रोक नहीं है। GRAP-III के तहत मुख्य रूप से BS-III पेट्रोल और BS-IV डीजल श्रेणी के चार पहिया हल्के मोटर वाहनों (LMV) पर पाबंदी लागू होती है। इसलिए वाहन का ईंधन और एमिशन स्टैंडर्ड दोनों जांचना जरूरी है।

DND, चिल्ला और कालिंदी कुंज पर पुलिस का पहरा

प्रतिबंधित वाहनों की धरपकड़ के लिए ट्रैफिक पुलिस ने जिले के प्रमुख प्रवेश और निकास मार्गों पर टीमें तैनात की हैं। जेवर टोल प्लाजा, जीरो पॉइंट, परी चौक, DND फ्लाईवे, चिल्ला बॉर्डर, कालिंदी कुंज, न्यू अशोक नगर और कोंडली बॉर्डर समेत संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ाई गई है।

पुलिस की टीमें 24 घंटे अलग-अलग स्थानों पर वाहनों की जांच कर रही हैं। दिल्ली, गाजियाबाद, हापुड़, बुलंदशहर, अलीगढ़, आगरा, लखनऊ, फरीदाबाद और पलवल की ओर से आने वाले वाहनों पर भी नजर रखी जा रही है। दूसरे जिलों से गौतमबुद्ध नगर होते हुए दिल्ली जाने वाले प्रतिबंधित वाहनों को भी रोकने की तैयारी है।

चेतावनी के बाद भी नहीं माने तो सीज होगी गाड़ी

DCP ट्रैफिक सैय्यद अली अब्बास के मुताबिक, प्रतिबंधित श्रेणी के वाहन मिलने पर उन्हें रोका जा रहा है। शुरुआती जांच के बाद चेतावनी देकर छोड़ा जा रहा है, लेकिन बार-बार नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। ऐसे वाहनों को सीज भी किया जा सकता है।

नोएडा से दिल्ली जाने वालों के लिए अलग मुसीबत

नोएडा में GRAP-III की पाबंदियों के अलावा दिल्ली में प्रवेश के नियम भी वाहन चालकों की परेशानी बढ़ा सकते हैं। CAQM के संशोधित निर्देशों और दिल्ली सरकार की अधिसूचना के तहत 1 नवंबर 2026 से दूसरे राज्यों में पंजीकृत BS-VI से कम मानक वाले वाहनों की दिल्ली में प्रवेश पर निर्धारित प्रतिबंध लागू हैं।

इस व्यवस्था के तहत BS-VI, CNG, इलेक्ट्रिक और LNG वाहनों को लागू शर्तों एवं छूट के अनुसार प्रवेश मिल सकता है। दूसरे राज्यों से आने वाली BS-VI से कम मानक वाली डीजल बसों पर भी रोक है। वहीं, दिल्ली में गंतव्य नहीं रखने वाले ट्रकों को शहर में प्रवेश करने के बजाय ईस्टर्न या वेस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे का इस्तेमाल करना होगा।

सिर्फ BS-VI होना काफी नहीं, PUC भी चाहिए

दिल्ली जाने वाले वाहन चालकों को यह भी ध्यान रखना होगा कि BS-VI मानक का वाहन होने के बावजूद वैध PUC (पॉल्यूशन अंडर कंट्रोल) प्रमाणपत्र जरूरी है। यानी एमिशन स्टैंडर्ड के साथ प्रदूषण जांच प्रमाणपत्र भी दुरुस्त होना चाहिए।

कैसे पता करें आपकी गाड़ी का BS मानक ?

वाहन के एमिशन स्टैंडर्ड की जानकारी के लिए सबसे पहले RC यानी रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट देखें। इसमें Fuel Norms, Emission Norms या Bharat Stage के नाम से विवरण दर्ज होता है। इसके अलावा परिवहन मंत्रालय के आधिकारिक पोर्टल https://parivahan.gov.in/ या mParivahan ऐप पर वाहन नंबर डालकर उपलब्ध जानकारी प्राप्त की जा सकती है।

गाड़ी के निर्माता के दस्तावेजों अथवा अधिकृत सर्विस सेंटर से भी इसकी पुष्टि की जा सकती है। केवल गाड़ी की उम्र देखकर उसका BS मानक तय करना सही नहीं है। एक ही साल में पंजीकृत दो वाहनों के एमिशन स्टैंडर्ड अलग-अलग हो सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *