महंगाई का एक और झटका! मदर डेयरी का दूध 4 रुपये प्रति लीटर तक महंगा!!
अमूल के बाद अब मदर डेयरी ने भी बढ़ाए दाम, गुरुवार 12 नवंबर से लागू होंगी नई दरें
NEWS1UP
भूमेश शर्मा
नई दिल्ली। सूत्रों के हवाले से मदर डेयरी के दूध की कीमतों में 2 से 4 रुपये प्रति लीटर तक बढ़ोतरी की जानकारी सामने आई है। दूध के नए दाम गुरुवार, 12 नवंबर से लागू होंगे। अमूल के बाद अब मदर डेयरी की इस बढ़ोतरी ने आम आदमी की रसोई का बजट और बिगाड़ने के संकेत दे दिए हैं। लगातार महंगे होते दूध और दुग्ध उत्पादों के बीच सवाल यही है कि आखिर महंगाई पर लगाम कब लगेगी ?

मदर डेयरी के विभिन्न दूध उत्पादों की कीमतों में यह बढ़ोतरी की गई है। नई दरों के मुताबिक, फुल क्रीम दूध अब 76 रुपये, टोन्ड दूध 62 रुपये, डबल टोन्ड दूध 56 रुपये और गाय का दूध 65 रुपये प्रति लीटर मिलेगा।
गौरतलब है कि इससे पहले अमूल ने भी अपने उत्पादों की कीमतों में बढ़ोतरी की है। अमूल ने 2 नवंबर से एक लीटर घी के दाम 40 रुपये और 500 ग्राम बटर के पैक के दाम 15 रुपये बढ़ा दिए हैं। अमूल घी अब 680 रुपये और बटर 325 रुपये का हो गया है।
दूध और दुग्ध उत्पादों की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी ने आम परिवारों के घरेलू बजट पर दबाव और बढ़ा दिया है। चाय, नाश्ते से लेकर बच्चों की जरूरतों तक रोजमर्रा की जिंदगी में इस्तेमाल होने वाले इन उत्पादों की महंगाई अब सीधे रसोई का खर्च बढ़ा रही है।
