गाजियाबाद में ग्रेप की स्टेज—3 लागू, डीएम रविन्द्र कुमार मॉंदड़ ने दिए सख्त निर्देश!
प्रदूषण फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
NEWS1UP
संवाददाता
गाजियाबाद। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में प्रदूषण का स्तर बढ़ने के साथ अब हवा की गुणवत्ता गंभीर श्रेणी में पहुँच चुकी है। दिल्ली सहित एनसीआर के कई हिस्सों में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 400 से अधिक दर्ज होने के बाद कमीशन फॉर एयर क्वालिटी मैनेजमेंट (CAQM) ने ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (GRAP) की स्टेज—3 लागू कर दी है।
इसके अनुपालन के लिए जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मॉंदड़ ने बुधवार को महात्मा गांधी सभागार, कलेक्ट्रेट में संबंधित विभागों की आपात बैठक बुलाई और सभी अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि प्रदूषण नियंत्रण को लेकर किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
प्रदूषण फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्यवाही: डीएम
बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि जिन कार्यों से प्रदूषण फैलने की संभावना है, जैसे निर्माण कार्य, फैक्ट्री संचालन या अधिक धुआँ छोड़ने वाले वाहन उन्हें अगले आदेश तक बंद रखा जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि निर्देशों का उल्लंघन करने वालों पर चालान और अन्य कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
रविन्द्र कुमार मॉंदड़ ने कहा-
“प्रदूषण नियंत्रण जनपद की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी विभाग सक्रिय रहकर नियमित सफाई, सड़क धूल नियंत्रण और वाहनों की जांच सुनिश्चित करें। लापरवाही किसी भी स्तर पर स्वीकार्य नहीं होगी।”
एम०आर०एस०एम०, एण्टी स्मॉग गन व वाटर स्प्रिक्लिंग बढ़ाने के निर्देश
बैठक में उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी ने ग्रेप की सभी स्टेजों से संबंधित निर्देशों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया। इसके बाद जिलाधिकारी ने नगर निगम, गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए), एनएचएआई, आवास विकास परिषद और नगर पालिकाओं को निर्देशित किया कि वे प्रतिदिन अधिक से अधिक एम०आर०एस०एम० (मैकेनिकल रोड स्वीपिंग मशीन), एण्टी स्मॉग गन और वाटर स्प्रिक्लिंग वाहनों को तैनात करें।
उन्होंने यह भी कहा कि यदि किसी विभाग के पास पर्याप्त मशीनें उपलब्ध नहीं हैं, तो उन्हें किराये पर लेकर संचालन करना होगा ताकि सड़कों और निर्माण स्थलों पर धूल का जमाव न हो सके।
स्टेज—1 और स्टेज—2 के दिशा-निर्देशों का भी पालन अनिवार्य
डीएम ने यह भी स्पष्ट किया कि ग्रेप की स्टेज—3 के साथ-साथ स्टेज—1 और स्टेज—2 में जारी सभी दिशा-निर्देशों का भी कड़ाई से पालन किया जाए। उन्होंने सभी विभागों को निर्देश दिए कि की गई दैनिक कार्रवाई की रिपोर्ट शाम 5 बजे तक उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, गाजियाबाद को भेजना अनिवार्य होगा।
विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने लिया भाग
बैठक में नगर निगम, जीडीए, स्वास्थ्य विभाग, सामाजिक वानिकी प्रभाग, यातायात पुलिस, उपजिलाधिकारी, विद्युत वितरण निगम, एनएचएआई, एनसीआरटीसी, आवास विकास परिषद, जल निगम, यूपीएसआईडीए, यूपीएसआरटीसी, लोक निर्माण विभाग, कृषि, खाद्य सुरक्षा, खनन, नगर पालिकाएं, सीआरईडीए समेत सभी संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
जनता से भी की अपील
डीएम मॉंदड़ ने नागरिकों से भी अपील की कि वे प्रदूषण फैलाने वाली गतिविधियों से बचें, वाहन कम चलाएं, कचरा न जलाएं और प्रशासन के प्रयासों में सहयोग दें ताकि गाजियाबाद की हवा को फिर से स्वच्छ और स्वस्थ बनाया जा सके।
