नहीं रहीं आशा ताई: 92 वर्ष की उम्र में निधन, संगीत जगत में शोक की लहर
आठ दशकों तक गूंजती रही आवाज़
अब थम गया एक युग
NEWS1UP
संवाददाता
मुंबई। भारतीय संगीत जगत की महानतम आवाज़ों में शुमार दिग्गज गायिका आशा भोसले का 92 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। रिपोर्ट्स के अनुसार, उनका निधन कार्डियक अरेस्ट के कारण हुआ। उन्हें शनिवार को मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इमरजेंसी मेडिकल यूनिट में उनका इलाज चल रहा था। उनका अंतिम संस्कार सोमवार को किया जाएगा।
निधन की खबर सामने आते ही पूरे देश में शोक की लहर दौड़ गई है। सोशल मीडिया पर फैंस, कलाकारों और कई हस्तियों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी है। इससे पहले, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनके अस्पताल में भर्ती होने पर चिंता व्यक्त की थी। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा था कि वह उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहे हैं।

परिवार की ओर से जानकारी देते हुए उनकी पोती जनाई भोसले ने बताया था कि आशा भोसले को अत्यधिक थकान और छाती के संक्रमण के चलते अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालांकि, इलाज के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और उन्हें कार्डियक अरेस्ट आया।
संगीत की अमर विरासत छोड़ गईं आशा भोसले
आशा भोसले का नाम भारतीय संगीत इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में दर्ज है। उन्होंने आठ दशकों से भी अधिक समय तक संगीत जगत में सक्रिय रहकर करीब 12,000 से अधिक गीतों को अपनी आवाज दी। उनके गाए सुपरहिट गीतों में ‘पिया तू अब तो आजा’, ‘दम मारो दम’, ‘ये मेरा दिल’, ‘चुरा लिया है तुमने’, ‘इन आंखों की मस्ती के’ और ‘दिल चीज क्या है’ जैसे कालजयी गाने शामिल हैं।
उन्होंने ग़ज़ल, भजन, पॉप, फिल्मी और शास्त्रीय संगीत, हर शैली में अपनी बहुमुखी प्रतिभा का परिचय दिया। उन्होंने ओ.पी. नैयर, आर.डी. बर्मन और ए.आर. रहमान जैसे दिग्गज संगीतकारों के साथ मिलकर कई यादगार गीत दिए।
सम्मान और उपलब्धियां
अपने शानदार करियर में उन्हें कई प्रतिष्ठित पुरस्कारों से सम्मानित किया गया, जिनमें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार, फिल्मफेयर अवॉर्ड, दादासाहेब फाल्के सम्मान और पद्म विभूषण शामिल हैं। उन्हें दुनिया के सबसे अधिक गीत रिकॉर्ड करने वाले कलाकारों में भी गिना जाता है।
