तृणमूल व वामपंथी गुंडों का उपचार भाजपा के पासः योगी आदित्यनाथ
पं. बंगाल के चुनावी रण में उतरे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
सोनामुखी में किया विशाल जनसभा को संबोधित
NEWS1UP
भूमेश शर्मा
सोनामुखी (बांकुड़ा)। योगी आदित्यनाथ ने रविवार को पश्चिम बंगाल के चुनावी रण में उतरते हुए तृणमूल कांग्रेस, कांग्रेस और वाम दलों पर तीखा हमला बोला। सोनामुखी में आयोजित जनसभा में उन्होंने आरोप लगाया कि ममता बनर्जी के नेतृत्व में राज्य में “गुंडागर्दी और अराजकता” चरम पर है।
योगी ने दावा किया कि भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमले, हत्याएं और उत्पीड़न आम बात हो गई है। उन्होंने सुमन, स्वरूप घोष, पलाश घोष और उत्पल दास जैसे कार्यकर्ताओं का जिक्र करते हुए कहा कि “तृणमूल शासन में राजनीतिक हिंसा के अनगिनत उदाहरण हैं।” उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि केंद्र में नरेंद्र मोदी की सरकार के साथ राज्य में भी भाजपा को सत्ता में लाकर “डबल इंजन सरकार” बनाएं।
वोट बैंक और बांग्लादेश मुद्दे पर हमला

सीएम योगी ने बांग्लादेश में दलित हिंदू की हत्या का मुद्दा उठाते हुए ममता बनर्जी पर “मौन रहने” का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि वोटबैंक की राजनीति के चलते तृणमूल सरकार ऐसे मामलों पर खुलकर नहीं बोलती। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य की जनसांख्यिकी (डेमोग्राफी) बदलने की कोशिश की जा रही है।
बंगाल की विरासत का उल्लेख
योगी ने बंगाल की सांस्कृतिक विरासत को याद करते हुए रवीन्द्रनाथ टैगोर और बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि “वंदे मातरम” ने देश को एकजुट करने में अहम भूमिका निभाई और अब बंगाल परिवर्तन की राह पर आगे बढ़ रहा है।

यूपी मॉडल का जिक्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का बंगाल, 9 साल पहले के उत्तर प्रदेश जैसा है। उन्होंने दावा किया कि 2017 में भाजपा सरकार बनने के बाद यूपी में कानून-व्यवस्था सुधरी, दंगे बंद हुए और विकास को गति मिली। योगी ने इसे “नो कर्फ्यू, नो दंगा, सब चंगा” मॉडल बताया।
किसानों और अर्थव्यवस्था पर सवाल
योगी ने आरोप लगाया कि बंगाल में किसानों को फसलों का उचित मूल्य नहीं मिल रहा, जबकि उत्तर प्रदेश में बेहतर दाम दिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि तृणमूल सरकार के कारण किसान कर्ज और अवसाद की स्थिति में हैं।
राष्ट्रनायकों का स्मरण और चुनावी अपील
सभा के दौरान योगी ने सुभाष चंद्र बोस, खुदीराम बोस और स्वामी विवेकानंद को याद किया। अंत में उन्होंने सोनामुखी, इंडास और बरजोड़ा सीटों पर भाजपा प्रत्याशियों को जिताने की अपील की।
