सपा की साइकिल चलेगी तो दंगा कराएगी, पीलीभीत से सीएम योगी का बड़ा हमला

0

2500 विस्थापित बंगाली परिवारों को मिले नागरिकता व भूमि अधिकार पत्र, 569 करोड़ की 66 परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास

कांग्रेस-सपा पर साधा निशाना

NEWS1UP

विशेष संवाददाता

पीलीभीत। विधानसभा चुनावों से पहले राजनीतिक तापमान लगातार बढ़ता जा रहा है। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को पीलीभीत से समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर अब तक का सबसे तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि “जनता ने समाजवादी पार्टी की साइकिल इसलिए पंचर कर दी, क्योंकि यह साइकिल चलेगी तो दंगा कराएगी, कर्फ्यू लगाएगी और बेटी-व्यापारी की सुरक्षा में सेंध लगाएगी।”

मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि पिछली सरकारों में दंगाइयों को संरक्षण मिलता था, जबकि आज अपराधियों और माफिया के खिलाफ कानून का राज स्थापित हुआ है। उन्होंने कहा कि “जो माफिया कभी सीना तानकर चलते थे, आज गले में तख्ती डालकर जान की भीख मांग रहे हैं और कह रहे हैं कि साहब जान बख्श दीजिए, ठेला लगाकर पेट पाल लेंगे।”

2500 विस्थापित परिवारों को मिला नागरिकता का अधिकार

पीलीभीत के बरखेड़ा और बीसलपुर विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने पूर्वी पाकिस्तान (अब बांग्लादेश) से धार्मिक उत्पीड़न के कारण भारत आए लगभग 2500 हिंदू, बौद्ध, सिख और जैन परिवारों को भारतीय नागरिकता तथा भूमि अधिकार पत्र सौंपे। साथ ही 569 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 66 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया।

योगी ने कहा कि लगभग 56 वर्षों के इंतजार के बाद इन परिवारों को सम्मानजनक जीवन का अधिकार मिला है। अब कोई भी उन्हें बेदखल नहीं कर सकेगा और न ही सरकारी विभाग उन्हें अनावश्यक रूप से परेशान करेंगे।

सीएए को बताया ऐतिहासिक फैसला

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लागू नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) ने पाकिस्तान, बांग्लादेश और अफगानिस्तान से धार्मिक उत्पीड़न झेलकर आए अल्पसंख्यक समुदायों को सम्मानपूर्वक नागरिकता देने का रास्ता खोला है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी ने इस कानून का विरोध कर इन विस्थापित परिवारों के अधिकारों का विरोध किया।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में ऐसे लगभग 55 हजार विस्थापित परिवार हैं और बाराबंकी, बहराइच, बिजनौर तथा पीलीभीत के बाद अन्य जिलों में भी पात्र परिवारों को नागरिकता एवं भूमि अधिकार दिए जाएंगे।

विभाजन के लिए कांग्रेस को ठहराया जिम्मेदार

मुख्यमंत्री ने देश के विभाजन को लेकर कांग्रेस पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि यदि तत्कालीन कांग्रेस नेतृत्व दृढ़ रहता तो देश का विभाजन नहीं होता और लाखों हिंदू, सिख, बौद्ध तथा जैन परिवारों को अपनी जन्मभूमि छोड़ने के लिए मजबूर नहीं होना पड़ता। उन्होंने आरोप लगाया कि विभाजन के बाद भी कांग्रेस ने विस्थापित परिवारों की कभी चिंता नहीं की।

सपा पर परिवारवाद और उपेक्षा का आरोप

योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी पर परिवारवाद का आरोप लगाते हुए कहा कि उसे चार बार सत्ता मिली, लेकिन उसने गरीबों और विस्थापितों की पीड़ा सुनने की जरूरत नहीं समझी। उन्होंने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा, “जो लोग 12 बजे सोकर उठते हैं, दो बजे तक तैयार होते हैं और शाम को जिम चले जाते हैं, उन्हें गरीब की तकलीफ सुनने का समय कहां मिलेगा। उनके लिए विकास केवल सैफई तक सीमित था।”

मुख्यमंत्री ने दावा किया कि यदि पूर्ववर्ती सरकारों की प्राथमिकता पीलीभीत होती तो यहां मेडिकल कॉलेज, बेहतर सड़क संपर्क, बांसुरी उद्योग को वैश्विक पहचान और टाइगर रिजर्व का व्यापक विकास पहले ही हो चुका होता।

कानून व्यवस्था पर सरकार का दावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश की पहचान दंगों, कर्फ्यू और अपराध से होती थी, जबकि आज उत्तर प्रदेश “नो कर्फ्यू, नो दंगा” की पहचान बना चुका है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार किसी भी अपराधी या माफिया को संरक्षण नहीं देती और कानून का शासन सर्वोच्च है।

कट्टा-बम से ब्रह्मोस तक का सफर

योगी ने प्रदेश के औद्योगिक विकास और रक्षा उत्पादन का उल्लेख करते हुए कहा कि पहले उत्तर प्रदेश कट्टा और बम बनाने के लिए बदनाम था, जबकि आज यहां डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर के माध्यम से ब्रह्मोस मिसाइल का निर्माण हो रहा है। उन्होंने इसे प्रधानमंत्री के आत्मनिर्भर भारत के विजन का हिस्सा बताते हुए कहा कि इससे देश की सुरक्षा मजबूत होगी।

पीलीभीत को इको-टूरिज्म हब बनाने का दावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि मेडिकल कॉलेज, सड़क, पुल, एक्सप्रेसवे और अन्य विकास परियोजनाओं के साथ पीलीभीत तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में पीलीभीत जैव विविधता और इको-टूरिज्म के क्षेत्र में राष्ट्रीय ही नहीं, वैश्विक पहचान स्थापित करेगा।

इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री जितिन प्रसाद, राज्य सरकार के मंत्री बलदेव सिंह औलख, संजय सिंह गंगवार, विधायक स्वामी प्रवक्तानंद, बाबूराम पासवान, विवेक कुमार वर्मा, विधान परिषद सदस्य सुधीर गुप्ता, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती दलजीत कौर, भाजपा जिलाध्यक्ष गोकुल प्रसाद मौर्य, पूर्व मंत्री विनोद तिवारी, महिला आयोग की सदस्य श्रीमती पुष्पा पांडेय, पूर्व विधायक किशन लाल राजपूत, पीलीभीत नगर पालिका अध्यक्ष आस्था अग्रवाल, पूरनपुर नगर पालिका अध्यक्ष शैलेंद्र गुप्ता, सुरेश गंगवार, गुलशन आनंद आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!