डीएम से मिले नन्हे बच्चे, पूछा, आप इतने बड़े अधिकारी कैसे बने ?

0

मासूम सवालों और बड़े सपनों से भावुक हुआ कलेक्ट्रेट का माहौल

NEWS1UP

संवाददाता

गाजियाबाद। कलेक्ट्रेट कार्यालय में उस समय बेहद भावुक और प्रेरणादायक माहौल देखने को मिला, जब कुछ नन्हे बच्चे जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मांदड़ से मिलने पहुंचे। बच्चों ने जिलाधिकारी को गुलाब का फूल भेंट कर उनसे कई मासूम सवाल पूछे और बड़े होकर उनकी तरह अधिकारी बनने की इच्छा जताई।

विश्व ब्रह्मऋषि ब्राह्मण महासभा के पीठाधीश्वर बी.के. शर्मा हनुमान अपने नातिन नव्या, मिस्टी और पोते वियान शर्मा व अयान शर्मा को लेकर जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे थे। दरअसल, बच्चों ने उनसे पूछा था कि “डीएम क्या होता है?” बच्चों की जिज्ञासा को देखते हुए उन्होंने उन्हें सीधे जिलाधिकारी से मिलवाने का निर्णय लिया।

जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मांदड़ ने बच्चों का आत्मीय स्वागत किया और उनसे बेहद सहजता से बातचीत की। मुलाकात के दौरान बच्चों ने पूछा कि “आप इतने बड़े अधिकारी कैसे बने ?” जिस पर जिलाधिकारी ने उन्हें मेहनत, अनुशासन और पढ़ाई का महत्व समझाया।

बातचीत के दौरान जब जिलाधिकारी ने बच्चों से उनके सपनों के बारे में पूछा, तो बच्चों ने उत्साह के साथ कहा, “हम भी बड़े होकर आपकी तरह अधिकारी बनेंगे।” बच्चों की मासूमियत और आत्मविश्वास ने वहां मौजूद सभी लोगों का दिल जीत लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!