ग्रेटर नोएडा वेस्ट में मेट्रो को लेकर नेफोमा सक्रिय, सांसद डॉ. महेश शर्मा को सौंपा ज्ञापन
लाखों निवासियों को ट्रैफिक जाम और खराब सार्वजनिक परिवहन से राहत दिलाने की उठी मांग
NEWS1UP
संवाददाता
ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा वेस्ट (नोएडा एक्सटेंशन) में लंबे समय से लंबित मेट्रो परियोजना को शीघ्र शुरू कराने की मांग एक बार फिर तेज हो गई है। इस संबंध में नेफोमा (NEFOMA) के पदाधिकारियों ने गौतमबुद्ध नगर के सांसद महेश शर्मा से मुलाकात कर क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं से अवगत कराया तथा मेट्रो परियोजना को प्राथमिकता के आधार पर शुरू कराने की मांग की।
नेफोमा द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया कि ग्रेटर नोएडा वेस्ट तेजी से विकसित होता हुआ आवासीय क्षेत्र बन चुका है, जहां लाखों लोग निवास कर रहे हैं। इनमें नौकरीपेशा लोग, विद्यार्थी, व्यापारी, महिलाएं और वरिष्ठ नागरिक बड़ी संख्या में शामिल हैं। इसके बावजूद क्षेत्र में अब तक मेट्रो सेवा शुरू नहीं हो सकी है, जिससे लोगों को रोजाना भारी यातायात समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
ज्ञापन में बताया गया कि क्षेत्र में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था बेहद कमजोर है और बस सेवा भी पर्याप्त नहीं है। सड़क परिवहन पर अत्यधिक निर्भरता के कारण ट्रैफिक जाम, प्रदूषण, ईंधन की बर्बादी तथा समय की हानि जैसी समस्याएं लगातार बढ़ रही हैं। लोगों को प्रतिदिन घंटों जाम में फंसना पड़ता है, जिससे मानसिक तनाव भी बढ़ रहा है।
नेफोमा ने कहा कि संगठन पिछले कई वर्षों से ग्रेटर नोएडा वेस्ट में मेट्रो सेवा शुरू कराने की मांग उठाता रहा है। क्षेत्रवासियों की मांग है कि मेट्रो परियोजना को जल्द स्वीकृति देकर निर्माण कार्य प्रारंभ कराया जाए तथा संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्य योजना के निर्देश दिए जाएं।
इस दौरान सांसद महेश शर्मा ने कहा कि
ग्रेटर नोएडा वेस्ट मेट्रो परियोजना को लेकर वह स्वयं गंभीर और चिंतित हैं।
उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र उनके संसदीय क्षेत्र का महत्वपूर्ण हिस्सा है और मेट्रो परियोजना को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। कुछ तकनीकी कारणों से कार्य में देरी हुई है, लेकिन अब जल्द ही परियोजना का रास्ता साफ होने की उम्मीद है, जिससे लाखों लोगों को राहत मिलेगी।
नेफोमा अध्यक्ष अन्नू खान ने कहा कि-

ग्रेटर नोएडा वेस्ट अब “भविष्य का शहर” नहीं, बल्कि लाखों लोगों का स्थायी घर बन चुका है। इसके बावजूद यहां के लोग आज भी बुनियादी सार्वजनिक परिवहन सुविधाओं के अभाव में परेशान हैं।
उन्होंने कहा कि सामान्य परिस्थितियों में 30 मिनट का सफर तय करने में लोगों को कई बार दो से चार घंटे तक लग जाते हैं।
बैठक में नेफोमा अध्यक्ष अन्नू खान, उपाध्यक्ष देवेन्द्र चौधरी, अविनाश सिंह, कोषाध्यक्ष उमेश सिंह तथा सदस्य आशीष बंसल सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
