अब खुली जीप में पिस्टल लहराकर गुंडा किसी हिंदू को धमका नहीं सकता: योगी आदित्यनाथ

0

मऊ से सीएम योगी का माफिया पर बड़ा हमला

NEWS1UP

पॉलिटिकल डेस्क

मऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को मऊ की धरती से माफिया और गुंडाराज पर बड़ा हमला बोलते हुए कहा कि अब प्रदेश में किसी माफिया या गुंडे में इतना दुस्साहस नहीं बचा है कि वह खुली जीप में पिस्टल लहराते हुए किसी हिंदू को धमका सके। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून का राज स्थापित हुआ है और धार्मिक आयोजनों में बाधा डालने वालों की “रावण और कंस जैसी दुर्गति” तय है।

मुख्यमंत्री ने मऊ के गांधी मैदान में 392 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली 114 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने पूर्ववर्ती सपा सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि एक समय ऐसा था जब माफिया को देखकर सरकारों का “पसीना छूटता था” और वे उनके सामने नतमस्तक रहती थीं।

मधुबन, मऊ में ₹392 करोड़+ की लागत वाली 114 परियोजनाओं का लोकार्पण/शिलान्यास करते सीएम योगी आदित्यनाथ

 

सीएम योगी ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में अराजकता का माहौल था। रामलीला, रामनवमी, जन्माष्टमी, शिवरात्रि और यज्ञ-कथाओं जैसे धार्मिक आयोजनों में व्यवधान पैदा किया जाता था। उन्होंने वर्ष 2005 के मऊ दंगों का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय सत्ता संरक्षण में माफिया निर्दोष हिंदुओं का कत्लेआम कर रहे थे, जबकि सरकार मौन बनी हुई थी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज प्रदेश में स्थिति पूरी तरह बदल चुकी है। अब बेटी और व्यापारी खुद को सुरक्षित महसूस करते हैं। व्यापारी सूर्यास्त के बाद भी बिना भय के अपने प्रतिष्ठान चला रहे हैं और बेटियां नाइट शिफ्ट में भी काम कर रही हैं। उन्होंने कहा कि यदि कोई गरीब की जमीन पर कब्जा करेगा तो “बुलडोजर कार्रवाई” तय है।

अच्छी सरकार विकास लाती है

सीएम योगी ने कहा कि अच्छी सरकार समाज के हर वर्ग को बिना भेदभाव विकास देती है। सड़क, पुल, स्वास्थ्य सेवाएं और बाढ़ सुरक्षा जाति देखकर काम नहीं करतीं। उन्होंने कहा कि जब गलत लोग सत्ता में आते हैं तो सुरक्षा में सेंध लगती है, विकास का पैसा लूटा जाता है और बेटियों व व्यापारियों की सुरक्षा खतरे में पड़ जाती है।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि केंद्र सरकार ने गरीब, युवा, किसान और महिलाओं के उत्थान को प्राथमिकता दी है। सीएम ने आरोप लगाया कि 2014 से 2017 के बीच तत्कालीन सपा सरकार ने केंद्र की कई योजनाओं को प्रदेश में लागू नहीं होने दिया।

गरीबों को योजनाओं का लाभ गिनाया

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में अब 65 लाख गरीबों को आवास, लगभग तीन करोड़ परिवारों को शौचालय और 16 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन दिया जा रहा है। आयुष्मान भारत और मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत करोड़ों लोगों को मुफ्त स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।

उन्होंने मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना बीमा योजना का जिक्र करते हुए कहा कि किसी किसान परिवार के साथ दुर्घटना होने पर 24 घंटे के भीतर पांच लाख रुपये तक की सहायता राशि उपलब्ध कराई जाती है।

एक-एक वोट की ताकत समझाई

सीएम योगी ने अपने संबोधन में वोट की ताकत पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि जनता के एक वोट ने अयोध्या में राम मंदिर और काशी विश्वनाथ धाम के निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया है। उन्होंने कहा कि यही वोट माफियाओं को मिट्टी में मिलाकर प्रदेश को कर्फ्यू और दंगामुक्त बनाने का काम कर रहा है।

घोसी चीनी मिल विस्तार का दिया आश्वासन

मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों की मांग पर घोसी चीनी मिल के विस्तारीकरण के लिए प्रस्ताव मांगा और भरोसा दिलाया कि प्रस्ताव मिलते ही सरकार धनराशि उपलब्ध कराएगी। उन्होंने बताया कि मऊ में पीपीपी मॉडल पर मेडिकल कॉलेज का निर्माण भी तेजी से चल रहा है और जल्द ही उसका उद्घाटन किया जाएगा।

विकास परियोजनाओं की लंबी सूची

सीएम योगी ने बताया कि जिन 114 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास हुआ, उनमें सड़क, पुल-पुलिया, ग्रामीण पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन, पुलिस अवस्थापना और नगर विकास से जुड़ी परियोजनाएं शामिल हैं। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार प्रदेश में बिना रुके और बिना थके विकास कार्यों को आगे बढ़ा रही है।

कार्यक्रम में नगर विकास/ऊर्जा मंत्री एके शर्मा, कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान, पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर, खेल मंत्री गिरीश चंद्र यादव, मधुबन के विधायक रामविलास चौहान, विधान परिषद सदस्य विक्रांत सिंह, विच्छे लाल राजभर, जिला पंचायत अध्यक्ष मनोज राय, भाजपा जिलाध्यक्ष रामआसरे मौर्य, पूर्व मंत्री श्रीराम सोनकर, पूर्व विधायक विजय राजभर आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!