खोड़ा की घटना पर सीएम योगी की दो-टूक, दोस्ती की आड़ में छुरेबाजी स्वीकार्य नहीं
गोमाता के साथ हिमाकत हुई तो कई पीढ़ियां याद रखेंगी: योगी आदित्यनाथ
NEWS1UP
संवाददाता
बिजनौर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को बिजनौर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान गाजियाबाद के खोड़ा की हालिया घटना का उल्लेख करते हुए तीखा बयान दिया। उन्होंने कहा कि “दोस्ती की आड़ में छुरेबाजी कतई स्वीकार्य नहीं है” और ऐसे मामलों में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कुछ मौलवी-मौलानाओं द्वारा गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की मांग पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “गाय हमारी माता है, जन्म-जन्मांतर का नाता है। माता-पुत्र के बीच किसी घोषणा की आवश्यकता नहीं होती। किसी पुत्र को यह बताने की जरूरत नहीं होती कि मां का सम्मान करो।”
उन्होंने कहा कि भारतीय समाज में गाय के प्रति श्रद्धा और सम्मान का भाव है, जबकि गोहत्या को बढ़ावा देना दोहरे चरित्र को दर्शाता है। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर गोमाता का चित्र लगाकर बकरीद की शुभकामनाएं देने वालों को भी चेतावनी देते हुए कहा कि वे अपने समर्थकों को समझा लें कि गोमाता के साथ किसी प्रकार की हिमाकत हुई तो “ऐसी दुर्गति होगी कि कई पीढ़ियां याद रखेंगी।”
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में गोहत्या के खिलाफ सख्त कानून लागू हैं और सरकार इस विषय पर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं करेगी।
1645 परिवारों को मिला भूमिधरी अधिकार
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पाकिस्तान से विस्थापित 1645 परिवारों तथा पूर्व सैनिकों और लीजधारकों को भूमिधरी अधिकार पत्र वितरित किए। उन्होंने कहा कि वर्षों से अपने अधिकारों की प्रतीक्षा कर रहे इन परिवारों को अब कानूनी स्वामित्व मिलने से उनके जीवन में स्थिरता और सुरक्षा आएगी।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने लाभार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि प्रदेश सरकार हर पात्र व्यक्ति को उसका अधिकार दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस दौरान प्रदेश सरकार के मंत्री चौधरी भूपेंद्र सिंह, कपिलदेव अग्रवाल, सुरेंद्र दिलेर, सांसद चंदन चौहान, विधायक कुंवर सुशांत सिंह, अशोक राणा, ओम कुमार, शुचि चौधरी, विधान परिषद सदस्य अशोक कटारिया, हरि सिंह ढिल्लो, जयपाल सिंह व्यस्त, जिला पंचायत अध्यक्ष साकेंद्र प्रताप सिंह, भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष सत्येंद्र सिसौदिया, जिलाध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी, महिला आयोग की सदस्य अवनी सिंह, संगीता अग्रवाल आदि की उपस्थिति रही।
