[t4b-ticker]

बॉक्सर प्रथम सिंह की मौत पर हत्या की FIR दर्ज: महागुनपुरम की 14वीं मंजिल पर 13 अगस्त को आखिर हुआ क्या था ?

0
PRATHAM

मां की तहरीर पर रितिका, पिता ललित और भाई जतिन नामजद

FIR में आरोप, मारपीट के बाद प्रथम को ऊपरी मंजिल से नीचे फेंका!

NEWS1UP

भूमेश शर्मा

गाजियाबाद। महागुनपुरम सोसायटी की ऊपरी मंजिल से गिरकर हुई 18 वर्षीय बॉक्सर प्रथम सिंह की मौत के मामले में चार दिन बाद बड़ा मोड़ आया है। कविनगर पुलिस ने प्रथम की मां नीतू रानी की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। FIR संख्या 0572 में BNS की धारा 103(1), 351(2), 115(2) और एससी/एसटी एक्ट की धारा 3(2)(v) लगाई गई है। FIR 17 अगस्त की रात 9:21 बजे दर्ज हुई।

मामले में रितिका, उसके पिता ललित प्रजापति और भाई जतिन प्रजापति नामजद हैं। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि प्रथम को बुलाकर उसके साथ मारपीट की गई और फिर उसे ऊपरी मंजिल से नीचे फेंक दिया गया। हालांकि, ये आरोप अभी जांच का विषय हैं और इनकी पुष्टि पुलिस की जांच तथा उपलब्ध साक्ष्यों से होनी बाकी है।

हत्या की FIR ने बदली जांच की दिशा

शिकायत के मुताबिक प्रथम और रितिका के बीच दोस्ताना संबंध थे और दोनों शादी करना चाहते थे। आरोप है कि करीब तीन-चार महीने पहले रितिका के पिता ने प्रथम के परिवार से इस रिश्ते को खत्म करने के लिए कहा था और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी थी।

FIR में आरोप है कि 13 अगस्त को प्रथम को बुलाया गया, उसके साथ मारपीट की गई और इसके बाद उसे ऊपरी मंजिल से नीचे फेंक दिया गया। अब पुलिस के सामने सबसे अहम सवाल यह है कि प्रथम महागुनपुरम पहुंचने के बाद किन लोगों के संपर्क में था और मौत से पहले उसके साथ क्या हुआ।

CCTV में क्या दर्ज है ?

तहरीर में सोसायटी में लगे CCTV कैमरों की फुटेज का भी उल्लेख किया गया है। परिवार का दावा है कि फुटेज में घटना से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्य सामने आ सकते हैं। ऐसे में जांच के लिए यह पता लगाना अहम होगा कि CCTV में प्रथम के सोसायटी में आने-जाने, संबंधित लोगों की मौजूदगी और घटना से पहले तथा बाद की गतिविधियों का क्या रिकॉर्ड दर्ज है।

FIR में यह भी कहा गया है कि घटना के समय कुछ लोगों ने मारपीट का शोर और बचाव की आवाजें सुनी थीं। पुलिस के लिए ऐसे लोगों की पहचान कर उनके बयान दर्ज करना भी महत्वपूर्ण होगा।

13 अगस्त को महागुनपुरम सोसाइटी में प्रवेश करते हुए प्रथम सिंह (CCTV फुटेज से लिया गया स्क्रीनशॉट)

13 अगस्त की सुबह से मौत तक क्या हुआ ?

मामले की टाइमलाइन भी जांच का अहम हिस्सा है। FIR के मुताबिक प्रथम 12 अगस्त की रात करीब 11:30 बजे देहरादून से घर लौटा था। अगले दिन सुबह करीब 10 बजे वह वेव सिटी स्थित ग्राम होम्स सोसाइटी के टॉवर 3 के अपने फ्लैट नंबर 1203 से से निकला। इसके करीब साढ़े तीन घंटे बाद, लगभग 1:30 बजे, परिवार को सूचना मिली कि प्रथम महागुनपुरम में मृत मिला है।

इन ढाई-तीन घंटों में क्या हुआ ?

प्रथम महागुनपुरम कब पहुंचा ?

किससे मिला ?

किसके साथ था ?

और मौत से ठीक पहले उसकी आखिरी लोकेशन क्या थी ?

इन सवालों के जवाब जांच की दिशा तय कर सकते हैं।

CCTV, CDR और पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी जांच

पुलिस प्रथम के मोबाइल की CDR और संबंधित नंबरों की जानकारी जुटा रही है। इसके साथ CCTV फुटेज, मोबाइल लोकेशन, कॉल रिकॉर्ड, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घटनास्थल से मिले साक्ष्य जांच की प्रमुख कड़ियां होंगी।

मामले का सबसे बड़ा सवाल यही है कि-

क्या प्रथम ने खुद छलांग लगाई थी, वह हादसे का शिकार हुआ या FIR में लगाए गए आरोप के मुताबिक मारपीट के बाद उसे नीचे फेंका गया ?

इसका जवाब अब पुलिस को बयानों से ज्यादा तकनीकी और फोरेंसिक साक्ष्यों से तलाशना होगा।

चार दिन बाद हत्या की FIR, अब जांच की असली परीक्षा

13 अगस्त की घटना के बाद प्रथम की मौत परिस्थितियों को लेकर सवाल बने हुए थे। अब हत्या की FIR दर्ज होने के बाद जांच एक नए और गंभीर चरण में पहुंच गई है। FIR की जांच ACP कविनगर को सौंपी गई है।

आरोप गंभीर हैं, लेकिन उनका सच जांच से ही सामने आएगा। अब निगाहें CCTV फुटेज, CDR, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों पर हैं। 

महागुनपुरम की उस ऊपरी मंजिल पर 13 अगस्त को आखिर हुआ क्या था ?

यही वह सवाल है, जिसका जवाब प्रथम सिंह की मौत का पूरा सच सामने ला सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!