गोल्फलिंक्स में गूंजे देशभक्ति के तराने, अंताक्षरी में दिखा उत्साह
अथिवा फाउंडेशन की देशभक्ति अंताक्षरी प्रतियोगिता में सभी आयु वर्गों की शानदार भागीदारी
तीन टीमों ने जीते पुरस्कार

NEWS1UP
संवाददाता
गाजियाबाद। मनोरंजन के साथ सामाजिक सहभागिता और आपसी सौहार्द को बढ़ावा देने की दिशा में अथिवा फाउंडेशन (रजि.) की ओर से आयोजित देशभक्ति अंताक्षरी प्रतियोगिता ने लैंडक्राफ्ट गोल्फलिंक्स सोसाइटी में रविवार को माहौल को गीत-संगीत और उत्साह से सराबोर कर दिया। क्रिस्टल क्लब में आयोजित प्रतियोगिता में सोसाइटी के विभिन्न आयु वर्गों के निवासियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और देशभक्ति गीतों के जरिए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने टीम बनाकर मुकाबले में हिस्सा लिया। गीतों की इस रोचक जुगलबंदी में अनीता मौर्य, अनुपमा और सुरेंद्र निगम की टीम ने प्रथम स्थान हासिल कर खिताब अपने नाम किया। वहीं सुरेंद्र अरोड़ा, राजकुमार श्रीवास्तव और ज्योतिका गुप्ता की टीम दूसरे स्थान पर रही, जबकि तरुण मित्तल, रितु जैन और कौशल मित्तल ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।

प्रतियोगिता के समापन पर फाउंडेशन की ओर से सभी विजेता प्रतिभागियों को मेडल देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों के साथ-साथ दर्शकों में भी खासा उत्साह देखने को मिला। आयोजन ने सोसाइटी के निवासियों को रोजमर्रा की व्यस्तता से अलग एक-दूसरे के साथ जुड़ने और सामूहिक रूप से आनंद लेने का अवसर दिया।

अथिवा फाउंडेशन के अध्यक्ष एस.के. भटनागर ने कहा कि देशभक्ति अंताक्षरी प्रतियोगिता का यह पहला प्रयास था, लेकिन जिस आत्मीयता, उत्साह और अभूतपूर्व सहभागिता के साथ निवासियों ने इसे सफल बनाया, वह बेहद उत्साहजनक है।
उन्होंने कहा,
“इस आयोजन की सफलता के लिए हम सभी निवासियों के प्रति हृदय की गहराइयों से धन्यवाद, आभार एवं कृतज्ञता व्यक्त करते हैं।”
फाउंडेशन इससे पूर्व भी समाज के बीच मनोरंजन, खेलकूद और सामुदायिक सहभागिता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करता रहा है। रविवार का आयोजन भी इसी कड़ी में एक सफल प्रयास के रूप में सामने आया, जिसने सोसाइटी के निवासियों को मनोरंजन के साथ सामाजिक जुड़ाव का एक नया मंच दिया।
