लैंडक्राफ्ट में हुआ शुद्धि हवन, अर्पण गोयल की याद में उसी स्थान पर गूंजे वैदिक मंत्र!
12 अगस्त की दुखद घटना के बाद टावर 2A में निवासियों ने की दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना, बड़ी संख्या में लोगों ने दी आहुति
NEWS1UP
संवाददाता
गाजियाबाद। एनएच-9 स्थित लैंडक्राफ्ट गोल्फकिंक्स सोसाइटी के टावर 2A में 12 अगस्त को 22 वर्षीय अर्पण गोयल की दुखद मृत्यु के बाद रविवार को उसी स्थान पर शुद्धि हवन कराया गया, जहां अर्पण का शरीर गिरा था। सुबह 11:58 बजे शुरू हुए हवन में टावर 2A के साथ सोसाइटी के अन्य निवासियों ने भी भाग लिया। वैदिक मंत्रोच्चार और आहुति के बीच दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई।
करीब 11 दिन पहले हुई इस घटना ने सोसाइटी के निवासियों को झकझोर दिया था। रविवार को उसी स्थान पर जब हवन की अग्नि प्रज्ज्वलित हुई तो माहौल श्रद्धा और भावुकता से भर गया। निवासियों ने इसे अर्पण की स्मृति को श्रद्धांजलि देने और उस स्थान पर सकारात्मक एवं शांतिपूर्ण वातावरण की कामना से जुड़ी पहल बताया।

हवन में चंद्र शेखर, जागृति शर्मा, प्रभात राणा, रोचक एवं मीनाक्षी चौहान, मनु एवं शिप्रा ग्रोवर, राहुल चतुर्वेदी तथा रेखा चतुर्वेदी सहित बड़ी संख्या में निवासियों ने आहुति दी। इस दौरान दिवंगत अर्पण की आत्मा की शांति और उनके परिवार को इस कठिन समय में संबल मिलने की प्रार्थना की गई।
दुख के बीच सामूहिक संवेदना का संदेश
इस आयोजन की खास बात यह रही कि हादसे के बाद जिस स्थान से जुड़ी यादें लोगों के लिए पीड़ादायक थीं, वहीं निवासियों ने आज प्रार्थना और हवन के जरिए शांति, श्रद्धा और सकारात्मकता का संदेश देने का प्रयास किया।
सोसाइटी के निवासियों के लिए यह आयोजन महज एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि एक युवा जीवन के असमय चले जाने पर सामूहिक श्रद्धांजलि और संवेदना की अभिव्यक्ति भी रहा। हवन के समापन पर उपस्थित लोगों ने दिवंगत अर्पण की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और उनके परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
