September 3, 2026
[t4b-ticker]

जन्माष्टमी से पहले योगी का ब्रज को बड़ा तोहफा, विकास की ‘मटकी’ हुई खुशियों से लबालब

0
CM

स्वामी हरिदास प्रेक्षागृह का लोकार्पण, संतों का सम्मान, 7,240 लाभार्थियों को योजनाओं की सौगात

NEWS1UP

भूमेश शर्मा

मथुरा। जन्माष्टमी से ठीक एक दिन पहले श्रीकृष्ण की नगरी मथुरा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विकास और जनकल्याण की सौगातों से ब्रजवासियों की ‘मटकी’ भर दी। स्वामी हरिदास प्रेक्षागृह के लोकार्पण से लेकर 7,240 लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं का लाभ देने तक, पूरा आयोजन विकास, संस्कृति और आस्था के संगम में बदल गया।

मुख्यमंत्री ने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को चेक, स्वीकृति पत्र, प्रमाण पत्र, टूल किट और आवास की चाबी सौंपी। मंच पर लाभार्थियों के चेहरों पर खुशी दिखाई दी तो सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने पूरे माहौल को कृष्णमय कर दिया।

किसी को चेक, किसी को चाबी, किसी को नियुक्ति पत्र

 

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 (शहरी) और मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) समेत विभिन्न योजनाओं के तहत 7,240 लाभार्थियों को सहायता राशि का वितरण किया। मंच से मुख्यमंत्री ने चुनिंदा लाभार्थियों को अपने हाथों से योजनाओं का लाभ दिया। इनमें मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत मनोज कुमार को 5 लाख रुपये का चेक, मिनी नंदिनी कृषक समृद्धि योजना के तहत शैलेंद्र सिंह को 11.80 लाख रुपये का स्वीकृति प्रमाण पत्र, दुग्ध प्रसंस्करण के लिए राजवीर सिंह को 8.75 लाख रुपये का चेक और मसाला प्रसंस्करण के लिए सौरभ कुमार वर्मा को 4.12 लाख रुपये से अधिक का चेक दिया गया।

वहीं सुखदेई को मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के तहत 5 लाख रुपये का चेक, मुरारी लाल को कन्या विवाह सहायता योजना के तहत 65 हजार रुपये का चेक और श्यामवती व ममता को मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृति पत्र और आवास की चाबी प्रदान की गई।

बच्चों को गोद में लिया, खिलाई खीर, मातृशक्ति को दिए उपहार

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का अलग अंदाज भी देखने को मिला। उन्होंने नन्हे-मुन्नों को गोद में लेकर दुलारा-पुचकारा, माथे पर चंदन लगाया और उन्हें गुड़िया व खिलौने दिए। मुख्यमंत्री ने बच्चों का अन्नप्राशन कराया और उन्हें खीर खिलाई। मातृशक्ति को उपहार और फलों की टोकरी भी भेंट की गई।

ब्रज की धरती पर संस्कृति के रंग, कृष्ण के 51 रूप मंच पर

कार्यक्रम में भारतीय संस्कृति और ब्रज की कृष्णभक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। हनुमान प्रसाद धानुका विद्यालय, वृंदावन की छात्राओं ने राष्ट्रगीत की प्रस्तुति दी। इसके बाद 51 कलाकारों ने भारत के विभिन्न राज्यों की नृत्य शैलियों के जरिए भगवान श्रीकृष्ण के विभिन्न स्वरूपों और भावों को मंच पर जीवंत किया। शिवोअहं प्रोडक्शन की इस प्रस्तुति की कोरियोग्राफी बीएचयू वाराणसी की कथक नृत्यांगना शिवानी मिश्रा ने की।

स्वामी हरिदास प्रेक्षागृह को मिली नई पहचान

मुख्यमंत्री ने स्वामी हरिदास प्रेक्षागृह का लोकार्पण किया। प्रेक्षागृह के निर्माण और विकास से संबंधित लघु फिल्म भी प्रदर्शित की गई। इस दौरान मुख्यमंत्री ने मंत्रोच्चार करने वाले बटुकों से परिचय प्राप्त किया और संतों को माल्यार्पण, फल तथा अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। सांसद एवं फिल्म अभिनेत्री हेमामालिनी समेत जनप्रतिनिधियों और अन्य गणमान्य लोगों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।

स्टॉलों पर पहुंचे योगी, महिलाओं के काम की ली जानकारी

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों का भी अवलोकन किया। उन्होंने सरकारी योजनाओं की प्रगति की जानकारी लेने के साथ महिलाओं और स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार किए जा रहे उत्पादों, वस्त्रों और अन्य सामग्रियों के बारे में जानकारी ली।

स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं ने मुख्यमंत्री को अपने कार्यों और उपलब्धियों से अवगत कराया।

इन लाभार्थियों को मिली मुख्यमंत्री के हाथों सौगात

मनोज कुमार – 5 लाख का चेक
अर्चना – दर्जी ट्रेड की टूल किट
तोरन सिंह – 3.20 लाख का स्वीकृति पत्र
शैलेंद्र सिंह – 11.80 लाख का स्वीकृति प्रमाण पत्र
पुष्पेंद्र सिंह – 80 हजार का स्वीकृति प्रमाण पत्र
डॉ. प्रिंसेज चक्रवर्ती – नियुक्ति पत्र
डॉ. रजत द्विवेदी – नियुक्ति पत्र
मुरारी लाल – 65 हजार का चेक
राजवीर सिंह – 8.75 लाख का चेक
सौरभ कुमार वर्मा – 4.12 लाख से अधिक का चेक
अजय – प्रशस्ति पत्र
पायल – प्रशस्ति पत्र
श्यामवती – आवास की चाबी व स्वीकृति पत्र
ममता – आवास की चाबी व स्वीकृति पत्र
सुखदेई – 5 लाख का चेक

आस्था, संस्कृति और विकास, एक मंच पर

जन्माष्टमी की पूर्व संध्या पर मथुरा में आयोजित यह कार्यक्रम महज सरकारी योजनाओं के लाभ वितरण का कार्यक्रम नहीं रहा। एक तरफ विकास योजनाओं की सौगात, दूसरी तरफ संतों का सम्मान और तीसरी तरफ श्रीकृष्ण के विभिन्न स्वरूपों की सांस्कृतिक प्रस्तुति, पूरे आयोजन में ब्रज की आस्था और उत्तर प्रदेश के विकास का संदेश एक साथ दिखाई दिया।

श्रीकृष्ण जन्मभूमि की नगरी में जन्माष्टमी से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विकास की सौगातों से ब्रजवासियों की ‘मटकी’ भरी तो मंच पर कृष्ण भक्ति और भारतीय संस्कृति ने इस उत्सव को और खास बना दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!