शिक्षक दिवस पर यूपी के 81 शिक्षकों का सम्मान, गाजियाबाद के 3 शिक्षकों ने बढ़ाया जिले का गौरव!!
5 सितंबर को गोरखपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे सम्मानित
NEWS1UP
भूमेश शर्मा
गाजियाबाद। शिक्षक दिवस पर उत्तर प्रदेश के उन 81 शिक्षकों के योगदान को प्रदेश सरकार सम्मान देने जा रही है, जिन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करते हुए विद्यालय प्रबंधन, नवाचार और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में उल्लेखनीय भूमिका निभाई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 5 सितंबर को गोरखपुर के योगिराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में आयोजित समारोह में चयनित शिक्षकों को सम्मानित करेंगे।
81 शिक्षकों का चयन, माध्यमिक के 20 में 5 मुख्यमंत्री पुरस्कार
प्रदेश स्तर पर कुल 81 शिक्षकों का चयन किया गया है। इनमें बेसिक शिक्षा विभाग के 61 और माध्यमिक शिक्षा विभाग के 20 शिक्षक शामिल हैं। माध्यमिक शिक्षा विभाग के इन 20 शिक्षकों में 15 को राज्य अध्यापक पुरस्कार और 5 को मुख्यमंत्री अध्यापक पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।
चयनित 81 शिक्षकों में 33 शिक्षिकाएं शामिल हैं। इनमें 31 शिक्षिकाएं बेसिक शिक्षा विभाग और 2 शिक्षिकाएं माध्यमिक शिक्षा विभाग से हैं।
गाजियाबाद के तीन शिक्षकों को प्रदेश स्तरीय सम्मान

गाजियाबाद के लिए यह शिक्षक दिवस खास उपलब्धि लेकर आया है। जिले के तीन शिक्षक प्रदेश स्तरीय सम्मान के लिए चयनित हुए हैं। बेसिक शिक्षा विभाग से ज्योत्स्ना गोस्वामी, प्रधानाध्यापक, प्राथमिक विद्यालय ननकागढ़ी, रजापुर को राज्य अध्यापक पुरस्कार के लिए चुना गया है।

माध्यमिक शिक्षा विभाग से रेनू तोमर, प्रधानाचार्य, जवाहर लाल मेमोरियल गर्ल्स इंटर कॉलेज, गाजियाबाद को राज्य अध्यापक पुरस्कार मिलेगा।

वहीं डॉ. आनंद कुमार, मानविकी अध्यापक, महर्षि दयानंद विद्यापीठ इंटरमीडिएट कॉलेज, गोविंदपुरम, गाजियाबाद को मुख्यमंत्री अध्यापक पुरस्कार के लिए चयनित किया गया है।
राज्य अध्यापक पुरस्कार के लिए चयनित रेनू तोमर ने इस सम्मान का श्रेय अपने विद्यार्थियों और साथी शिक्षकों को दिया।
उन्होंने कहा कि-
यह पुरस्कार किसी एक व्यक्ति की उपलब्धि नहीं, बल्कि सभी विद्यार्थियों और शिक्षकों की संयुक्त मेहनत और उनके प्रयासों का परिणाम है।
उन्होंने कहा कि उनका मूलमंत्र विद्यार्थियों को केवल एक शिक्षक के रूप में पढ़ाना नहीं, बल्कि एक शिक्षक के साथ-साथ एक दोस्त की तरह व्यवहार करते हुए उन्हें सीखने और आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना है। विद्यार्थियों के साथ सहज और मित्रवत संबंध बनाने से उनकी समस्याओं को समझने और उनकी क्षमताओं को बेहतर तरीके से निखारने में मदद मिलती है।
सम्मान के साथ 25 हजार रुपये की पुरस्कार राशि
राज्य स्तरीय पुरस्कार पाने वाले शिक्षकों को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह के साथ 25 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। इसके अलावा सम्मानित शिक्षकों को आजीवन उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बसों में प्रतिवर्ष 4,000 किलोमीटर तक निशुल्क यात्रा की सुविधा मिलेगी। राज्य स्तरीय पुरस्कार प्राप्त शिक्षकों की सेवानिवृत्ति की सीमा भी दो वर्ष बढ़ाई जाएगी।
गोरखपुर में विशिष्ट अतिथि की तरह होगा स्वागत
शिक्षक दिवस समारोह में शामिल होने वाले चयनित शिक्षकों के लिए गोरखपुर में विशेष व्यवस्था की गई है। प्रदेशभर से आने वाले शिक्षकों को विशिष्ट अतिथि की तरह होटलों में ससम्मान ठहराया जाएगा।
शिक्षक दिवस पर होने वाला यह सम्मान समारोह उन शिक्षकों के योगदान को पहचान देने का अवसर है, जो शिक्षा को केवल पाठ्यक्रम तक सीमित न रखकर विद्यार्थियों के व्यक्तित्व, प्रतिभा और भविष्य निर्माण का माध्यम बना रहे हैं।

