धर्मेंद्र चौधरी के हाथों में केडीपी ग्रैंड सवाना AOA की कमान
लगातार पांचवीं बार टीम सक्षम सत्ता में
शपथ के साथ निवासी हित और पारदर्शिता को प्राथमिकता देने का संकल्प
NEWS1UP
संवाददाता
गाजियाबाद। केडीपी ग्रैंड सवाना सोसाइटी में रविवार को धर्मेंद्र चौधरी ने AOA अध्यक्ष के रूप में नई जिम्मेदारी संभाल ली। लगातार पांचवीं बार AOA टीम के गठन के साथ हुए शपथ ग्रहण समारोह में नई कार्यकारिणी ने निवासियों के हितों को केंद्र में रखते हुए पारदर्शी, जवाबदेह और बेहतर प्रबंधन का संकल्प लिया। समारोह में सोसाइटी के निवासियों के साथ शहर की राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र की कई प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं।

चुनाव समिति के अध्यक्ष डॉ. वी.के. जैन और फेडरेशन AOA के अध्यक्ष अधिवक्ता गजेंद्र आर्या ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों एवं सदस्यों को पद और दायित्व की शपथ दिलाई।
धर्मेंद्र चौधरी अध्यक्ष, राहुल बालियान बने सचिव
नई कार्यकारिणी में धर्मेंद्र चौधरी अध्यक्ष, अखिलेश कुमार उपाध्यक्ष, राहुल बालियान सचिव, अनिल कुमार बंसल कोषाध्यक्ष, राज कुमार ठाकुर सह-कोषाध्यक्ष और विकास बहरानी संयुक्त सचिव चुने गए हैं। कार्यकारिणी सदस्य के रूप में अरविंद कुमार, डॉ. दीपक कुमार शर्मा, तरुण राय और अधिवक्ता राजेश कुमार शर्मा ने भी शपथ ग्रहण की।

पारदर्शिता से सुरक्षा तक, नई AOA का एजेंडा
नई टीम ने कहा कि सोसाइटी की सुविधाओं में सुधार, लंबित समस्याओं का समाधान, सुरक्षा एवं स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करना और प्रबंधन में पारदर्शिता बनाए रखना प्राथमिकता होगी। इसके साथ ही निर्णय प्रक्रिया में निवासियों की सहभागिता और बेहतर संवाद पर भी जोर दिया जाएगा।
लगातार पांचवीं बार जिम्मेदारी मिलने के बाद अब इन संकल्पों को धरातल पर उतारना नई AOA की सबसे बड़ी कसौटी होगी। निवासियों की निगाहें अब शपथ पर नहीं, काम के नतीजों पर रहेंगी।

समारोह में जुटीं शहर की प्रमुख हस्तियां
शपथ ग्रहण समारोह में गाजियाबाद शहर के विधायक संजीव शर्मा, पूर्व राज्यसभा सांसद अनिल अग्रवाल, अमरजीत बिड्डी, अजयपाल प्रमुख, अरुण भुल्लन, अधिवक्ता गजेंद्र आर्या, पंकज भारद्वाज (महानगर महामंत्री, गाजियाबाद), निवर्तमान मंडल अध्यक्ष पंकज राय, पार्षद मोनू त्यागी, डॉ. अनुज राठी, मनोज मलिक तथा राजेश सिग्नेचर बिल्डा के अध्यक्ष सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
अतिथियों ने नई कार्यकारिणी को शुभकामनाएं दीं और उम्मीद जताई कि टीम आपसी समन्वय के साथ सोसाइटी के विकास को नई दिशा देगी।
नई AOA के गठन के साथ सोसाइटी में एक नए कार्यकाल की शुरुआत हुई है। लगातार पांचवीं बार जिम्मेदारी संभालने वाली टीम के सामने सुविधाओं, सुरक्षा, प्रबंधन और लंबित समस्याओं से जुड़े मुद्दों पर प्रभावी काम करने की चुनौती है।
