September 25, 2026
[t4b-ticker]

जहां कभी कट्टा और चोरी की चर्चा थी, वहां अब डिफेंस और मैन्युफैक्चरिंग की गूंज: अमित शाह

0
AM

वाहन चोरी के कुटीर उद्योग से वाहन निर्माण तक पहुंचा यूपी: अमित शाह का बड़ा दावा

NEWS1UP

भूमेश शर्मा

ग्रेटर नोएडा। उत्तर प्रदेश की बदलती औद्योगिक तस्वीर को लेकर केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने ग्रेटर नोएडा में बड़ा बयान दिया। यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 के उद्घाटन समारोह में शाह ने कहा कि जिस उत्तर प्रदेश में कभी अपराध, वाहन चोरी और अवैध हथियारों की चर्चा होती थी, आज वही प्रदेश डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग, वाहन निर्माण और मेडिकल डिवाइस जैसे नए औद्योगिक क्षेत्रों की ओर बढ़ रहा है।

कट्टा उद्योग की जगह डिफेंस कॉरिडोर

अमित शाह के मुताबिक, प्रदेश में अब अवैध हथियारों के बजाय रक्षा उपकरणों का निर्माण हो रहा है। यूपी डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर के झांसी, चित्रकूट, लखनऊ, आगरा, अलीगढ़ और कानपुर में छह नोड विकसित किए जा रहे हैं। उन्होंने इसे उत्तर प्रदेश में औद्योगिक बदलाव का प्रमुख उदाहरण बताया।

शाह ने कहा कि अमेठी में AK-203 राइफल सहित रक्षा उत्पादों का निर्माण उत्तर प्रदेश की नई औद्योगिक क्षमता को दिखाता है। उनके अनुसार प्रदेश अब निवेश और विनिर्माण के बड़े केंद्र के रूप में उभर रहा है।

कानून-व्यवस्था से निवेश तक बदली तस्वीर

केंद्रीय गृह मंत्री ने अपने संबोधन में 2013 के उत्तर प्रदेश और वर्तमान स्थिति की तुलना करते हुए कहा कि पहले औद्योगिक निवेश सम्मेलन आयोजित करने में भी कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठते थे, जबकि आज प्रदेश निवेश आकर्षित करने वाले राज्यों में अपनी जगह बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि निवेश के लिए कानून-व्यवस्था, औद्योगिक नीति, सक्रिय प्रशासन और उद्योगों को सुविधा देने वाला वातावरण जरूरी है और यूपी में इन क्षेत्रों में बदलाव आया है।

ODOP से स्थानीय उत्पादों को मिला बाजार

अमित शाह ने वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट (ODOP) को भी रोजगार और उद्यमिता से जोड़ते हुए कहा कि भदोही का कालीन, फिरोजाबाद का कांच, सहारनपुर की काष्ठ कला, कन्नौज का इत्र और वाराणसी की रेशमी साड़ी जैसे उत्पाद अब बड़े बाजार तक पहुंच रहे हैं।

उनका कहना था कि जिन युवाओं को पहले रोजगार के लिए दूसरे राज्यों का रुख करना पड़ता था, उनके लिए प्रदेश में ही रोजगार और उद्यम के नए अवसर तैयार हुए हैं।

UPITS-2026 बना यूपी की औद्योगिक ताकत का शोकेस

ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो मार्ट में 25 से 29 सितंबर तक आयोजित हो रहे UPITS-2026 के चौथे संस्करण में देश-विदेश के खरीदार, निवेशक, उद्यमी और निर्माता भाग ले रहे हैं। आधिकारिक जानकारी के अनुसार इस संस्करण में 2,400 से अधिक प्रदर्शकों और 550 से अधिक अंतरराष्ट्रीय खरीदारों के शामिल होने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!