September 25, 2026
[t4b-ticker]

योगी के यूपी का हुनर ग्लोबल मंच पर, 90 देशों के खरीदारों ने दिखाई दिलचस्पी

0
AMM

NEWS1UP

भूमेश शर्मा

ग्रेटर नोएडा। उत्तर प्रदेश की पारंपरिक कला, स्थानीय उत्पाद और आधुनिक मैन्युफैक्चरिंग को वैश्विक बाजार से जोड़ने वाला यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS-2026) शुक्रवार को ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो मार्ट में शुरू हुआ। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में चौथे संस्करण का शुभारंभ किया। इस बार 90 देशों के 600 से अधिक विदेशी खरीदार और 2,400 से अधिक एग्जीबिटर्स भाग ले रहे हैं।

लोकल से ग्लोबल तक यूपी की छलांग

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश के उत्पादों की गुणवत्ता, मजबूत सप्लाई चेन और उद्यमियों की विश्वसनीयता पर दुनिया का भरोसा बढ़ा है। उनके अनुसार प्रदेश अब दो लाख करोड़ रुपये से अधिक का निर्यात कर रहा है। उन्होंने कहा कि अपनी जड़ों से जुड़कर दुनिया के साथ कदम से कदम मिलाने वाला समाज और प्रदेश ही वैश्विक नेतृत्व की दिशा में आगे बढ़ता है।

सीएम ने कहा कि यूपी में प्रतिभा और संभावनाओं की कमी कभी नहीं रही, जरूरत केवल उन्हें सही माहौल, तकनीक और बाजार उपलब्ध कराने की थी। टैलेंट और ट्रेडिशन को टेक्नोलॉजी से जोड़कर स्थानीय उत्पादों को ग्लोबल ब्रांड बनाने की दिशा में काम हुआ है।

79 उत्पादों को GI टैग, 75 और कतार में

मुख्यमंत्री के मुताबिक यूपी के एमएसएमई क्षेत्र के 79 उत्पादों को जीआई टैग मिल चुका है, जबकि 75 अन्य उत्पादों के लिए आवेदन किया गया है। भदोही के कालीन, मुरादाबाद का पीतल, कन्नौज का इत्र और वाराणसी की सिल्क जैसे उत्पाद अब स्थानीय पहचान से आगे बढ़कर अंतरराष्ट्रीय बाजार में अपनी जगह बना रहे हैं।

ओडीओपी, पीएम विश्वकर्मा और विश्वकर्मा श्रम सम्मान जैसी योजनाओं के जरिए कारीगरों को प्रशिक्षण, टूलकिट, ऋण, ब्रांडिंग और बाजार उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया है।

छह देशों की भागीदारी, बढ़े व्यापार के रास्ते

यूपीआईटीएस में जापान, वियतनाम, रूस, सिंगापुर, ऑस्ट्रिया और बेलारूस पार्टनर कंट्री के रूप में शामिल हैं। इनके पवेलियन व्यापार, तकनीक, निवेश और संभावित ज्वाइंट वेंचर के नए अवसरों को सामने रख रहे हैं।

कार्यक्रम के दौरान अमित शाह और योगी आदित्यनाथ ने ई-कार्ट से ट्रेड शो का भ्रमण किया और विभिन्न स्टॉल पर उद्यमियों से उनके उत्पादों की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने गृह मंत्री को फिरोजाबाद के ओडीओपी के तहत तैयार ओपल ग्लास की राधा-कृष्ण प्रतिमा भी भेंट की। साथ ही ‘एक जनपद-एक व्यंजन’ (ODOC) पोर्टल का शुभारंभ किया गया।

MSME बना रोजगार का बड़ा आधार

एमएसएमई मंत्री भूपेंद्र चौधरी के अनुसार प्रदेश में एक करोड़ से अधिक एमएसएमई इकाइयां तीन करोड़ से ज्यादा लोगों को रोजगार दे रही हैं। ट्रेड शो में बी2बी बैठकों के जरिए स्थानीय उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय खरीदारों तक पहुंचाने पर फोकस है।

उद्घाटन समारोह में उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, कैबिनेट मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता ‘नन्दी’, भूपेंद्र चौधरी, राकेश सचान, डॉ. संजय निषाद, राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा, बृजेश सिंह, सांसद डॉ. महेश शर्मा, सुरेंद्र नागर, विधायक पंकज सिंह, धीरेंद्र सिंह, तेजपाल नागर, विधानपरिषद सदस्य श्रीचंद शर्मा, नरेंद्र भाटी, भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। जापान के राजदूत ओनो केईची, भारत में सिंगापुर के उच्चायुक्त सायमन वोंग और बेलारूस के राजदूत मिखाइल कास्को समेत विभिन्न देशों के प्रतिनिधि, विदेशी खरीदार, एग्जीबिटर्स और उद्यमी भी इस समारोह में शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!