पंचशील प्रिमरोज में कल होगा एओए चुनाव, दो टीमों के 19 प्रत्याशियों के बीच मुकाबला
बिजली, सीवर और बिल्डर से हैंडओवर जैसे लंबित मुद्दों के बीच दोनों टीमों ने झोंकी पूरी ताकत, डोर-टू-डोर प्रचार और बैठकों के बाद अब मतदान की बारी
रविवार देर शाम आएगा चुनाव परिणाम
NEWS1UP
संवाददाता
गाजियाबाद। गोविन्दपुरम अनाज मंडी के सामने स्थित पंचशील प्रिमरोज सोसाइटी में एओए (अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन) का चुनाव कल यानी 4 अक्टूबर को होगा। प्रशासन द्वारा नामित चुनाव अधिकारी की देखरेख में होने वाले चुनाव में दो टीमों के कुल 19 प्रत्याशी मैदान में हैं। चुनाव के बाद रविवार देर शाम तक परिणाम घोषित किए जाने की संभावना है।

टीम पंचशील नवनिर्माण से उर्वशी गुप्ता, प्रशांत कुमार टांक, जितेंद्र गुप्ता, अखिलेश कंसल, लीना गुप्ता, गुरनाम सिंह, राम दत्ता श्रीवास्तव, अलोक सिंघल और नीरज गुप्ता चुनाव मैदान में हैं।

वहीं टीम पंचशील फ्रेंड्स की ओर से अभिलाष चौधरी, गौरव चौधरी, महिपाल सिंह, प्रशांत कुमार, पुनीत कुमार श्रीवास्तव, सतीश शर्मा, सौरभ गोयल, श्याम सरन, वरुण जायसवाल और विशाल पाराशर अपनी दावेदारी पेश कर रहे हैं।
सोसाइटी के लो-राइज और हाई-राइज दोनों हिस्सों को मिलाकर कुल 872 फर्स्ट ओनर अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। चुनाव को लेकर दोनों टीमों की ओर से पिछले दिनों शांतिपूर्वक प्रचार किया गया। प्रत्याशी और उनके समर्थक डोर-टू-डोर पहुंचकर मतदाताओं से समर्थन मांगते रहे। इसके अलावा अलग-अलग स्थानों पर बैठकें भी आयोजित की गईं।

हैंडओवर समेत कई मुद्दे चुनाव के केंद्र में
पंचशील प्रिमरोज का यह चुनाव इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि सोसाइटी में बिल्डर से जुड़े कई अहम मुद्दे अभी लंबित हैं। इनमें बिजली, सीवर व्यवस्था और सोसाइटी के हैंडओवर जैसे प्रमुख मुद्दे शामिल हैं। ऐसे में नई एओए के सामने इन लंबित मामलों को आगे बढ़ाना एक महत्वपूर्ण चुनौती होगी।
अब सभी की निगाहें 4 अक्टूबर को होने वाले मतदान और इसके बाद घोषित होने वाले चुनाव परिणामों पर टिकी हैं।
