[t4b-ticker]

GDA में KDP ग्रैंड सवाना के N-111 विवाद पर बैठक बेनतीजा!

0
GDA

मानचित्र और NOC पर AOA ने उठाए सवाल

GDA सचिव बोले, आपत्तियों की होगी जांच

NEWS1UP

भूमेश शर्मा

गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन स्थित KDP ग्रैंड सवाना में N-111 के निर्माण और उससे जुड़े विवाद को लेकर GDA कार्यालय में हुई बैठक बेनतीजा रही। GDA सचिव विवेक कुमार मिश्रा की अध्यक्षता में हुई बैठक में AOA, बिल्डर और N-111 के क्रेता पक्ष को सुनने के बाद मामले से जुड़े अभिलेखों और मानचित्र की जांच कराने पर सहमति बनी।

तिरपाल लगा N-111 का वह हिस्सा, जिस पर विवाद है

बैठक में राजनगर एक्सटेंशन फेडरेशन के अध्यक्ष एडवोकेट गजेंद्र आर्य, AOA अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी, सचिव राहुल बालियान, राजेश शर्मा, एडवोकेट विकास त्यागी और अनिल बंसल समेत अन्य प्रतिनिधि शामिल हुए। AOA ने बताया कि सोसायटी के क्लब हाउस के ऊपर स्थित N-111 तक पहुंचने का रास्ता GDA के स्वीकृत मानचित्र में कम्युनिटी हॉल के भीतर से दर्शाया गया है। साथ ही फरवरी 2014 की डीड ऑफ डिक्लेरेशन और खरीदारों के बिक्री अनुबंधों में इस स्थान को गेस्ट हाउस/गेस्ट रूम के रूप में दर्शाए जाने का दावा किया गया।

AOA ने संबंधित स्थान की कथित रजिस्ट्री पर भी सवाल उठाते हुए स्वीकृत मानचित्र, डीड ऑफ डिक्लेरेशन, बिक्री अनुबंध, रजिस्ट्री और संशोधित मानचित्र की जांच की मांग की। फेडरेशन अध्यक्ष एडवोकेट गजेंद्र आर्य ने मानचित्र में कथित बदलाव से पहले अपार्टमेंट स्वामियों की सहमति और आवश्यक NOC लिए जाने का मुद्दा भी उठाया। प्रतिनिधिमंडल के अनुसार, इस पर बिल्डर पक्ष स्पष्ट दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

आपत्तियों की जांच होगी, मौके की स्थिति भी देखी जा रही

GDA सचिव विवेक कुमार मिश्रा ने कहा कि बैठक में AOA, बिल्डर तथा N-111 के क्रेता पक्ष को सुना गया है। AOA की ओर से उठाई गई आपत्तियों की जांच की जाएगी। शमन मानचित्र में दिखाई गई स्थिति की वास्तविकता भी देखी जा रही है। संबंधित अभिलेखों और मौके की स्थिति का परीक्षण करने के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। 

समयाभाव के कारण बैठक में परियोजना के कंप्लीशन सर्टिफिकेट, स्वीकृत योजना के अनुसार कन्वीनियंस शॉप्स और IFMS राशि से जुड़े मुद्दों पर विस्तृत चर्चा नहीं हो सकी। AOA ने इन विषयों पर अलग बैठक बुलाने की मांग की है।

अब GDA की जांच में शमन मानचित्र, संबंधित दस्तावेजों और मौके की वास्तविक स्थिति के बीच क्या स्थिति सामने आती है, इस पर अगली कार्रवाई निर्भर करेगी। AOA ने कहा है कि सभी मुद्दों का लिखित समाधान होने तक उसका शांतिपूर्ण एवं वैधानिक आंदोलन जारी रहेगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!