N-111 निर्माण पर KDP ग्रैंड सवाना में फिर खलबली, एओए से मंजूरी का हिसाब मांगने पहुंचे निवासी!
बाहर से लोगों के आने की खबर पर क्लब हाउस में जुटी भीड़
NEWS1UP
संवाददाता
गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन स्थित KDP ग्रैंड सवाना सोसाइटी में N-111 के निर्माण को लेकर विवाद एक बार फिर गहरा गया। सोमवार को बड़ी संख्या में निवासी क्लब हाउस में एकत्र हुए और एओए से सीधे सवाल किया कि N-111 में चल रहे निर्माण को क्या एसोसिएशन ने मंजूरी दी है। यदि मंजूरी दी गई है तो उसका आधार क्या है और किस नियम अथवा कानूनी प्रावधान के तहत यह अनुमति दी गई ?
निवासियों की ओर से यह सवाल भी उठाया गया कि यदि किसी एक फ्लैट में तोड़फोड़ अथवा निर्माण की अनुमति दी जा सकती है, तो अन्य फ्लैट मालिकों को भी अपने फ्लैट के भीतर अपनी आवश्यकता के अनुसार निर्माण करने की अनुमति क्यों नहीं दी जानी चाहिए।

इसी बीच सोसाइटी में यह सूचना फैल गई कि बाहर से कुछ लोग परिसर में पहुंच रहे हैं। इसके बाद स्थिति को लेकर निवासियों में हलचल बढ़ गई और बड़ी संख्या में लोग क्लब हाउस में एकत्र हो गए। इनमें महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों की भी बड़ी संख्या बताई जा रही है।
GDA और पुलिस से शिकायत का दावा
एओए अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी ने बताया कि N-111 के निर्माण से संबंधित नक्शे और निर्माण की अनुमति को लेकर GDA तथा पुलिस से शिकायत की गई है। उनके मुताबिक, सोमवार को कुछ निवासियों ने अपने-अपने फ्लैटों के भीतर अपनी जरूरत के अनुसार निर्माण की अनुमति दिए जाने की मांग की थी। बातचीत के बाद उन्हें समझाकर मामला शांत कराया गया।

धर्मेंद्र चौधरी का कहना है कि इसी दौरान यह सूचना मिली कि N-111 के निर्माण को रोकने की मांग कर रहे लोगों पर दबाव बनाने के लिए बाहर से कुछ लोग सोसाइटी में आ सकते हैं। इसके बाद निवासी क्लब हाउस में एकत्र हुए। उन्होंने बताया कि मौके पर महिलाएं और वरिष्ठ नागरिक भी मौजूद हैं।
17 दिनों से धरना
N-111 के निर्माण का मामला पिछले कई दिनों से सोसाइटी में विवाद का विषय बना हुआ है। निर्माण का विरोध और मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग करते हुए निवासी पिछले 17 दिनों से धरने पर बैठे हैं।
