पहले टूटी सड़क, अब ट्रक-कंटेनरों का अतिक्रमण! राजनगर एक्सटेंशन की हम-तुम रोड पर हजारों की जान जोखिम में!!
NH-58 से हम-तुम रोड पर प्रवेश करते ही दोनों तरफ खड़े मिलते हैं बड़े-बड़े ट्रक और कंटेनर, स्कूली बच्चों और हजारों लोगों की आवाजाही पर मंडराया खतरा
NEWS1UP
संवाददाता
गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन की हम-तुम रोड पहले ही बदहाल व्यवस्था और गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) की कथित उपेक्षा के कारण सात सोसायटियों के हजारों निवासियों और आसपास के ग्रामीणों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। सड़क का निर्माण नहीं होने और संकरे रास्ते पर आए दिन दुर्घटनाओं की आशंका के बीच अब यहां ट्रकों की अवैध पार्किंग ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। NH-58 से हम-तुम रोड पर प्रवेश करते ही कुछ दूरी के बाद सड़क के दोनों किनारों पर बड़े-बड़े ट्रक और कंटेनर खड़े दिखाई देते हैं। इससे पहले से ही संकरी सड़क पर आवागमन बाधित हो रहा है और आमने-सामने से आने वाले वाहनों के लिए निकलना मुश्किल होता जा रहा है।

इस सड़क पर सुबह से शाम तक वाहनों की आवाजाही बनी रहती है। स्कूली बसें बच्चों को लेकर गुजरती हैं, जबकि बड़ी संख्या में निवासी रोजाना अपने कार्यालयों और अन्य जरूरी कामों के लिए इसी मार्ग का इस्तेमाल करते हैं। ऐसे में सड़क के दोनों ओर खड़े ट्रक न केवल यातायात में बाधा बन रहे हैं, बल्कि दुर्घटनाओं के खतरे को भी बढ़ा रहे हैं। यदि समय रहते इस समस्या पर ध्यान नहीं दिया गया, तो किसी गंभीर हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता।
स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से की तत्काल कार्रवाई की मांग
निलाया ग्रीन एओए के उपाध्यक्ष मंजीत सिंह चौहान, मोती रेसीडेंसी के अमित कुमार सिंह और महक जीवन सोसायटी के मुरारी लाल शर्मा ने प्रशासन से सड़क किनारे ट्रकों की अवैध पार्किंग के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करने और उन्हें वहां से हटवाने की मांग की है। उनका कहना है कि पहले ही सड़क की स्थिति और चौड़ाई को लेकर लोगों को रोजाना परेशानी झेलनी पड़ रही है। ऐसे में ट्रकों के कारण रास्ता और बाधित होना किसी बड़े हादसे को न्योता देने जैसा है।
सवाल यह है कि हजारों लोगों की रोजाना आवाजाही वाले इस मार्ग पर सड़क किनारे ट्रकों की पार्किंग पर संबंधित विभागों की नजर क्यों नहीं पड़ रही है ? क्या प्रशासन किसी बड़े हादसे के बाद ही जागेगा, या समय रहते कार्रवाई कर लोगों को सुरक्षित और सुगम रास्ता उपलब्ध कराया जाएगा ? स्थानीय निवासियों की मांग है कि हम-तुम रोड से ट्रकों को तत्काल हटवाकर सड़क पर निर्बाध आवागमन सुनिश्चित किया जाए।
