बड़ा फैसला: दिल्ली में जंतर-मंतर पर प्रदर्शन बंद, अब इन 3 जगहों पर मिलेगी जगह!
NEWS1UP
भूमेश शर्मा
नई दिल्ली। दिल्ली में धरना-प्रदर्शन के लिए निर्धारित स्थलों में बड़ा बदलाव किया गया है। केंद्रीय गृह मंत्रालय की समिति की सिफारिशों के आधार पर रामलीला मैदान, बुराड़ी मैदान और पूर्वी दिल्ली के सीबीडी ग्राउंड को प्रदर्शन स्थलों के रूप में निर्धारित किया गया है। वहीं, करीब 33 वर्षों से विरोध-प्रदर्शनों का प्रमुख केंद्र रहे जंतर-मंतर को प्रदर्शन स्थलों की सूची से हटा दिया गया है।
यह बदलाव ऐसे समय में सामने आया है, जब मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शनों को लेकर दिल्ली में राजनीतिक गतिविधियां चर्चा में हैं। नए आदेश के तहत जंतर-मंतर को प्रदर्शन स्थल के रूप में दी गई अधिसूचना रद्द कर दी गई है।

पुराने आदेश में भी बदलाव
दिल्ली पुलिस का नया आदेश 28 अप्रैल 2022 को जारी पुराने स्टैंडिंग ऑर्डर में संशोधन करता है। इसका उद्देश्य प्रदर्शन के लिए निर्धारित स्थानों और उनसे जुड़े इंतजामों को स्पष्ट करना है। हालांकि, प्रदर्शन की अनुमति, प्रदर्शनकारियों की संख्या और अन्य शर्तों को लेकर विस्तृत नियम जारी होने के बाद ही पूरी प्रक्रिया स्पष्ट हो सकेगी।
गौरतलब है कि जंतर-मंतर लंबे समय से विभिन्न राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों और जनहित के मुद्दों पर आंदोलन करने वालों का प्रमुख प्रदर्शन स्थल रहा है। इससे पहले दिल्ली में इंडिया गेट के पास स्थित बोट क्लब भी बड़े प्रदर्शनों का केंद्र हुआ करता था। अब जंतर-मंतर को सूची से हटाए जाने के बाद दिल्ली में विरोध-प्रदर्शन की व्यवस्था में महत्वपूर्ण बदलाव देखने को मिलेगा।
