October 15, 2026
[t4b-ticker]

KDP ग्रैंड सवाना में कॉमन गेस्ट रूम पर रार, 26 दिन से धरना: फेडरेशन भी उतरी समर्थन में!

0
KDP

GDA से स्वीकृत मानचित्र और निर्माण की वैधता की जांच कराने की मांग, नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई की उठाई आवाज

NEWS1UP

संवाददाता

गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन की KDP ग्रैंड सवाना सोसाइटी में कॉमन गेस्ट रूम को लेकर चल रहा विवाद अब तूल पकड़ता जा रहा है। सामुदायिक संपत्ति से जुड़े इस मामले में निवासियों का शांतिपूर्ण धरना 26वें दिन भी जारी रहा। इस बीच राजनगर एक्सटेंशन फेडरेशन ने भी आंदोलन को समर्थन देकर मामले को लेकर आवाज बुलंद की है। फेडरेशन के अध्यक्ष गजेंद्र आर्य और सचिव संजीव शर्मा धरनास्थल पर पहुंचे और निवासियों की मांगों का समर्थन करते हुए उनके साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया।

स्वीकृत नक्शे की जांच हो, नियम टूटे हों तो कार्रवाई करे GDA

धरने के दौरान निवासियों ने कॉमन गेस्ट रूम से जुड़े निर्माण की वैधता और स्वीकृत मानचित्र के अनुरूप स्थिति की जांच कराने की मांग उठाई। उनका कहना है कि सामुदायिक उपयोग के लिए निर्धारित स्थानों से जुड़े मामलों में पारदर्शिता जरूरी है। इसके लिए उत्तर प्रदेश अपार्टमेंट (प्रमोशन ऑफ कंस्ट्रक्शन, ओनरशिप एंड मेंटेनेंस) एक्ट, 2010 की धारा 4 और 5 के प्रावधानों के संदर्भ में संबंधित दस्तावेजों की जांच की जानी चाहिए।

AOA का कहना है कि यदि जांच में निर्माण नियमों के विपरीत पाया जाता है, तो जिम्मेदार पक्ष के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए। निवासियों के मुताबिक, सामुदायिक संपत्ति से जुड़े विवाद का समाधान दस्तावेजों की जांच और कानूनी प्रक्रिया के तहत ही होना चाहिए।

निवासियों ने साफतौर पर कहा कि सामुदायिक संपत्ति की सुरक्षा, पारदर्शिता और नियमों के पालन की मांग को लेकर उनका शांतिपूर्ण आंदोलन जारी रहेगा। अब देखना होगा कि GDA इस मामले में जांच और कार्रवाई की मांग पर क्या कदम उठाता है।

फेडरेशन के अध्यक्ष गजेंद्र आर्य और सचिव संजीव शर्मा के समर्थन से आंदोलन को व्यापक स्तर पर उठाने की कोशिश तेज हुई है। धरने में कुंदन सिंह, नवीन जोशी, सी.पी. तेवतिया, विकास बहारानी, विशाल वोहरा और हिम्मत सिंह समेत अनेक निवासी मौजूद रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!