October 18, 2026
[t4b-ticker]

रुचिरा सफायर सोसायटी में सजा मां दुर्गा का दरबार, भजनों पर झूमे श्रद्धालु

0
F

नवरात्र पर माता की चौकी और कन्या पूजन का आयोजन, शिव-पार्वती, राधा-कृष्ण और हनुमान की झांकियों ने मोहा मन

NEWS1UP

संवाददाता

गाजियाबाद। नवरात्र के पावन पर्व पर जयपुरिया सनराइज ग्रीन्स की रुचिरा सफायर सोसायटी में भक्ति और आस्था का अनूठा संगम देखने को मिला। मां दुर्गा की भव्य चौकी, मनमोहक झांकियों और भक्ति गीतों से पूरा सोसायटी परिसर भक्तिमय हो उठा। मां के दिव्य स्वरूप से सजे दरबार के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में निवासी पहुंचे। इस दौरान विधि-विधान से कन्या पूजन भी किया गया।

माता की चौकी में गूंजे ‘तूने मुझे बुलाया शेरों वालिए’ और ‘प्यारा सजा है तेरा द्वार भवानी’ जैसे लोकप्रिय भक्ति गीतों ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। भजनों की मधुर धुनों के बीच श्रद्धालु मां की भक्ति में लीन नजर आए। मां दुर्गा के जयकारों और भक्तिमय माहौल ने आयोजन को खास बना दिया।

झांकियों ने बांधा समां, राधा-कृष्ण के साथ थिरके निवासी

आयोजन का प्रमुख आकर्षण मां पार्वती-शिव शंकर, राधा-कृष्ण और हनुमान जी की मनमोहक झांकियां रहीं। देवी-देवताओं के स्वरूप में सजे कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। राधा-कृष्ण की झांकी के दौरान उत्साह देखते ही बना। कलाकारों के साथ सोसायटी के निवासियों ने भी जमकर नृत्य किया और भक्ति के रंग में सराबोर नजर आए।

नवरात्र के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम ने सोसायटी के निवासियों को एक साथ आकर धार्मिक परंपराओं से जुड़ने और आपसी सौहार्द को मजबूत करने का अवसर दिया। माता की चौकी और कन्या पूजन के माध्यम से श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा के प्रति अपनी आस्था प्रकट की।

आयोजन में इनका रहा विशेष योगदान

कार्यक्रम को सफल बनाने में संजय रावत, प्रतीक, पीयूष, ओंकार, सुदीप, धनंजय, राजेश, अवस्थी, सुशील, प्रियंका, सपना, यतीश, सौरभ, स्वाती, प्रेरणा, जाह्नवी, राहुल और रुचि सहित अन्य सहयोगियों का विशेष योगदान रहा। आयोजकों के सामूहिक प्रयासों से पूरा आयोजन श्रद्धा, उल्लास और भक्ति के वातावरण में संपन्न हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!