संस्कार उपवन में 231 कन्याओं का पूजन, चुनरी समर्पित कर लिया आशीर्वाद
कन्या भोज में 10 वर्ष तक की बालिकाओं की रही बड़ी भागीदारी
गुरुजी नवनीतप्रिय दास जी का रहा सान्निध्य
NEWS1UP
संवाददाता
गाजियाबाद। शरदीय नवरात्र के पावन अवसर पर ‘संस्कार उपवन’ में श्रद्धा, भक्ति और सनातन परंपरा के साथ कन्या पूजन एवं भोज का आयोजन किया गया। इस अवसर पर 231 कन्याओं का पूजन कर उन्हें चुनरी समर्पित की गई और श्रद्धापूर्वक भोजन प्रसाद ग्रहण कराया गया। कार्यक्रम में संकीर्तन, चरण प्रक्षालन, चुनरी समर्पण, कन्या भोज और आरती सहित विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए।

आयोजन की खास बात यह रही कि इसमें शामिल हुईं 231 कन्याओं में से लगभग 90 प्रतिशत की आयु 10 वर्ष या उससे कम थी। इतनी बड़ी संख्या में छोटी बालिकाओं की सहभागिता ने आयोजन को विशेष बना दिया। सनातन परंपरा में कन्याओं को देवी स्वरूप मानकर उनकी पूजा-अर्चना की जाती है। इसी आस्था और परंपरा के अनुरूप संस्कार उपवन में कन्याओं का पूजन कर उनका सम्मान किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ संकीर्तन के साथ हुआ। इसके बाद कन्याओं के चरण प्रक्षालन, चुनरी समर्पण और भोजन प्रसाद का क्रम चला। अंत में आरती के साथ धार्मिक आयोजन संपन्न हुआ। पूरे कार्यक्रम में भक्तिमय वातावरण बना रहा और श्रद्धालुओं ने कन्या पूजन के माध्यम से अपनी आस्था व्यक्त की।
समूचे आयोजन में श्रद्धेय गुरुजी श्री नवनीतप्रिय दास जी का सान्निध्य रहा। उनके सान्निध्य में संपन्न हुए इस धार्मिक उत्सव के आयोजन में ‘संस्कार उपवन परिवार’ के सभी सदस्यों ने प्रमुख भूमिका निभाई। परिवार के सदस्यों के सामूहिक सहयोग से कन्या पूजन एवं भोज का कार्यक्रम व्यवस्थित रूप से संपन्न हुआ।
