विधायक कॉलोनी में डांडिया नाइट की धूम, गरबा के रंग में रंगे लोग
बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक ने लिया हिस्सा, सांस्कृतिक आयोजन में दिखा मेलजोल और भाईचारा
NEWS1UP
संवाददाता
गाजियाबाद। इंदिरापुरम के न्याय खंड-1 स्थित विधायक कॉलोनी के टंकी वाला पार्क में शनिवार शाम डांडिया और गरबा की धूम रही। RWA विधायक कॉलोनी की ओर से आयोजित डांडिया नाइट में बच्चों, महिलाओं, युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों में पहुंचे लोगों ने संगीत की धुन पर डांडिया खेला और एक-दूसरे के साथ उत्सव की खुशियां साझा कीं।

कार्यक्रम में सिर्फ नृत्य और संगीत ही आकर्षण का केंद्र नहीं रहे, बल्कि कॉलोनी के लोगों को आपस में मिलने-जुलने का भी मौका मिला। पार्क में उत्सव जैसा माहौल रहा और लोगों ने सामूहिक रात्रिभोज का आनंद भी लिया।

इस आयोजन में वार्ड-79 के पार्षद हरीश काराकोटी भी शामिल हुए। RWA पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया। कार्यक्रम की व्यवस्थाओं में स्थानीय पुलिस प्रशासन का सहयोग रहा। वहीं, नगर निगम के उद्यान एवं सफाई विभाग ने आयोजन से पहले पार्क की साफ-सफाई में मदद की।
RWA अध्यक्ष अनुपम शुक्ला ने कहा कि विधायक कॉलोनी उनके लिए सिर्फ एक आवासीय परिसर नहीं, बल्कि एक परिवार की तरह है। ऐसे आयोजन लोगों को रोजमर्रा की व्यस्तता से समय निकालकर एक-दूसरे के साथ जुड़ने का अवसर देते हैं। उन्होंने कहा कि RWA आगे भी सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए कॉलोनी में आपसी सहयोग और सौहार्द का माहौल बनाए रखने का प्रयास करेगी।
कार्यक्रम की सफलता पर अनुपम शुक्ला ने कॉलोनीवासियों, RWA टीम, पार्षद, पुलिस प्रशासन, नगर निगम और आयोजन में सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार जताया।
