ग्रेटर नोएडा: पांच मौतों के मामले में बड़ा खुलासा! तृक जमीन विवाद में दो बहनें और जीजा गिरफ्तार
NEWS1UP
संवाददाता
ग्रेटर नोएडा। जेवर विधानसभा क्षेत्र के नगला पदम गांव में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत के रहस्यमयी मामले में पुलिस जांच के बाद बड़ा खुलासा हुआ है। शुरुआती दौर में नूडल्स खाने या फूड पॉइजनिंग से मौत होने की आशंका जताई जा रही थी, लेकिन पुलिस ने इस आशंका को खारिज करते हुए मामले को सामूहिक आत्महत्या का बताया है।
पैतृक जमीन को लेकर प्रताड़ना का आरोप
पुलिस के मुताबिक, मृतक पिता महेश के मोबाइल फोन से एक वॉइस रिकॉर्डिंग मिली है। बताया जा रहा है कि इस रिकॉर्डिंग में पैतृक जमीन को लेकर प्रताड़ित किए जाने का जिक्र है। आरोप है कि इसी विवाद और कथित प्रताड़ना से परेशान होकर परिवार ने आत्महत्या जैसा कदम उठाया।
मामले में पुलिस ने प्रताड़ना के आरोपों के आधार पर दो बहनों और उनके जीजा को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आत्महत्या और आत्महत्या के लिए उकसाने से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
फूड पॉइजनिंग की आशंका से शुरू हुई जांच अब पैतृक संपत्ति विवाद और कथित प्रताड़ना के पहलू पर केंद्रित है। पुलिस की जांच में वॉइस रिकॉर्डिंग और पैतृक जमीन से जुड़े विवाद की अहम भूमिका मानी जा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई पुलिस जांच और जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर होगी।
