October 21, 2026
[t4b-ticker]

नए उत्तर प्रदेश में कानून से ऊपर कोई नहीं: योगी आदित्यनाथ

0
Y

पुलिस स्मृति दिवस पर मुख्यमंत्री ने गिनाईं सरकार की उपलब्धियां

गैंगस्टर एक्ट के तहत 88,973 अपराधियों पर कार्रवाई और 15 हजार करोड़ रुपये से अधिक की अवैध संपत्ति जब्ती का किया उल्लेख

NEWS1UP

भूमेश शर्मा

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुलिस स्मृति दिवस पर बलिदानी पुलिसकर्मियों को नमन करते हुए कहा कि नए उत्तर प्रदेश में कानून से ऊपर कोई नहीं है। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट साझा कर प्रदेश में कानून-व्यवस्था में आए बदलावों का उल्लेख किया। उन्होंने गैंगस्टर एक्ट के तहत 88,973 अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई और 15 हजार करोड़ रुपये से अधिक की अवैध संपत्ति जब्त किए जाने को अपराधियों के विरुद्ध सरकार की सख्ती का प्रमाण बताया।

बलिदानी पुलिसकर्मियों को किया नमन

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की सुरक्षा, समाज की शांति और नागरिकों के जीवन की रक्षा करते हुए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले पुलिसकर्मियों का शौर्य, साहस और समर्पण सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि कर्तव्य निर्वहन के दौरान सर्वोच्च बलिदान देने वाले जवानों और उनके परिवारों के त्याग को सदैव याद रखा जाएगा।

2017 से पहले के हालात का किया जिक्र

मुख्यमंत्री ने वर्ष 2017 से पहले की कानून-व्यवस्था पर निशाना साधते हुए कहा कि उस समय प्रदेश में माफिया राज था और अराजक तत्वों के हौसले बुलंद थे। मथुरा के जवाहर बाग की घटना का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि कानून की रक्षा करते हुए वीर पुलिस अधिकारियों को अपने प्राणों का बलिदान देना पड़ा था।

पुलिस व्यवस्था में बदलाव का दावा

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि नए उत्तर प्रदेश में पुलिस को अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की स्वतंत्रता मिली है। उन्होंने कहा कि प्रदेश उपद्रव से उत्सव प्रदेश बना है। पुलिस व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 2.26 लाख से अधिक भर्तियां की गई हैं और प्रशिक्षण क्षमता में 10 गुना वृद्धि हुई है।

मुख्यमंत्री ने सात बड़े शहरों में पुलिस कमिश्नरेट प्रणाली लागू करने, प्रत्येक जनपद में साइबर थाने तथा प्रत्येक थाने में महिला हेल्प डेस्क की स्थापना का भी उल्लेख किया। उनके अनुसार, इन कदमों से पुलिस व्यवस्था अधिक सक्षम, आधुनिक और जवाबदेह बनी है।

88,973 अपराधियों पर कार्रवाई, 15 हजार करोड़ से अधिक की संपत्ति जब्त

मुख्यमंत्री ने बताया कि गैंगस्टर एक्ट के तहत 88,973 अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। इसके साथ ही 15 हजार करोड़ रुपये से अधिक की अवैध संपत्ति जब्त की गई है। उन्होंने इन कार्रवाइयों को अपराध और अपराधियों के खिलाफ सरकार की दृढ़ प्रतिबद्धता का प्रमाण बताया।

सुरक्षित और भयमुक्त प्रदेश बनाने का संकल्प

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का संकल्प उत्तर प्रदेश को सुरक्षित, न्यायपूर्ण और भयमुक्त बनाए रखना है। उन्होंने बलिदानी पुलिसकर्मियों के योगदान और उनके परिवारों के त्याग को याद करते हुए कहा कि इस दिशा में प्रयास लगातार जारी रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!