October 29, 2026
[t4b-ticker]

चार मूर्ति की पुनर्स्थापना पर नेफोमा टीम ने दिया ग्रेटर नोएडा ऑथोरिटी के सीईओ का धन्यवाद!

0
NF

गौर सिटी चौक पर फिर स्थापित हुई महात्मा गौतम बुद्ध की प्रतिमा, नेफोमा ने प्राधिकरण के सीईओ रवि एनजी और एसीईओ सौम्या श्रीवास्तव का जताया आभार

NEWS1UP

संवाददाता

ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा वेस्ट के गौर सिटी चौक पर महात्मा गौतम बुद्ध की चार मूर्ति की पुनर्स्थापना से क्षेत्र के निवासियों में खुशी की लहर है। बिल्डरों और सरकारी तंत्र के खिलाफ सैकड़ों धरना-प्रदर्शनों की गवाह रही यह मूर्ति केवल एक स्मारक नहीं, बल्कि ग्रेटर नोएडा वेस्ट के विकास, संघर्ष और सामूहिक पहचान का प्रतीक भी है। मूर्ति की पुनर्स्थापना पर नोएडा फ्लैट ओनर्स मेन एसोसिएशन (नेफोमा) की टीम ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों का आभार जताया है।

नेफोमा अध्यक्ष अन्नू खान, संगठन मंत्री कृष्णानंद और अन्य सदस्यों ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि चार मूर्ति की वापसी से क्षेत्र के निवासियों को उनकी पहचान और उससे जुड़ी भावनाओं का सम्मान मिला है।

2011 से ग्रेटर नोएडा वेस्ट की पहचान है चार मूर्ति

नेफोमा अध्यक्ष अन्नू खान ने कहा कि वर्ष 2011 से चार मूर्ति ग्रेटर नोएडा वेस्ट की प्रमुख पहचान बनी हुई है। इस प्रतिमा के साथ क्षेत्र के विकास की कहानी और यहां के निवासियों के संघर्ष की यादें जुड़ी हैं। इसी स्थान पर लोगों ने अपनी समस्याओं को लेकर एकजुट होकर सैकड़ों धरने-प्रदर्शन किए। लिहाजा, चार मूर्ति का महत्व केवल इसकी भौतिक उपस्थिति तक सीमित नहीं है, बल्कि यह क्षेत्र के लोगों के भावनात्मक जुड़ाव का भी प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि अंडरपास के निर्माण के लिए जब मूर्ति को हटाया गया था, तभी नेफोमा ने प्राधिकरण के अधिकारियों से इसकी पुनर्स्थापना सुनिश्चित करने की मांग की थी। अब मूर्ति दोबारा स्थापित होने से निवासियों में संतोष और खुशी है।

प्राधिकरण के अधिकारियों का जताया आभार

नेफोमा की टीम ने मूर्ति की पुनर्स्थापना के लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ रवि एनजी और एसीईओ सौम्या श्रीवास्तव का धन्यवाद किया। संगठन के सदस्यों ने इसे क्षेत्र की पहचान को संरक्षित रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

नेफोमा के संगठन मंत्री कृष्णानंद ने कहा कि चार मूर्ति की पुनर्स्थापना से प्राधिकरण ने ग्रेटर नोएडा वेस्ट के निवासियों को उनकी पहचान लौटाने का काम किया है। इस बार करवा चौथ और दीपावली के अवसर पर क्षेत्र की रौनक भी बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि चार मूर्ति के अभाव में गौर सिटी और आसपास के क्षेत्र का सौंदर्य अधूरा महसूस होता था। अब नवनिर्मित अंडरपास और पुनर्स्थापित चार मूर्ति मिलकर ग्रेटर नोएडा वेस्ट की सुंदरता और पहचान को और निखारेंगे।

चार मूर्ति की पुनर्स्थापना पर प्राधिकरण का आभार जताने वालों में नेफोमा अध्यक्ष अन्नू खान, संगठन मंत्री कृष्णानंद, एडवोकेट रविन्द्र गुप्ता, डॉ. अंशुल चंद्रा, गौरव शर्मा, संजू कुमार, रोहित चौरसिया सहित संगठन के अन्य सदस्य शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!