ऐतिहासिक पल: अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय में पहली बार धूमधाम से मनाई गई दीपावली!

0

दीपों की रोशनी और खुशियों की गूंज ने ए.एम.यू. के इतिहास में एक नई परंपरा की शुरुआत की

छात्र नेता अखिल कौशल ने विश्वविद्यालय प्रशासन से विधिवत अनुमति लेकर आयोजन की पहल की

NEWS1UP 

संवाददाता

अलीगढ़। अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (AMU) के इतिहास में एक ऐतिहासिक पल दर्ज हुआ, जब विश्वविद्यालय परिसर में पहली बार दीपावली का पर्व धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। एनआरएससी क्लब में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में छात्रों ने दीप प्रज्वलन किया, रंग-बिरंगी आतिशबाजी की और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशियां साझा कीं।

यह आयोजन न केवल हर्षोल्लास का प्रतीक बना, बल्कि विश्वविद्यालय की सांप्रदायिक सौहार्द, एकता और “मिनी इंडिया” की पहचान को भी उजागर करता दिखा। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के छात्रों ने मिलकर भाग लिया और दीपावली के माध्यम से भाईचारे और सद्भाव का संदेश दिया।

कार्यक्रम के संयोजक और छात्र नेता अखिल कौशल ने बताया कि, “हमने पहली बार विश्वविद्यालय प्रशासन से दीपावली मनाने की अनुमति ली थी। हमारा उद्देश्य था कि एएमयू में समानता, एकता और देश की विविधता में एकता की भावना को प्रोत्साहित किया जाए। आज हमने मिलकर यह साबित किया कि एएमयू वास्तव में ‘मिनी इंडिया’ है।”

एमए के छात्र अविनाश ने इस दिन को ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा, “पहली बार एएमयू में दीपावली मनाई गई है। सभी धर्मों के छात्रों ने मिलकर दीप जलाए और प्रेम, शांति तथा भाईचारे का संदेश दिया। यह दिन एएमयू के इतिहास में यादगार बन गया है।”

अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी के प्रॉक्टर डॉ. वसीम अहमद ने भी इस अवसर पर छात्रों को बधाई देते हुए कहा, “जैसे हर साल दीपावली मनाई जाती है, वैसे ही इस बार भी हमारे विश्वविद्यालय के छात्रों ने खुशी और उत्साह के साथ दीपावली मनाई है। यह परंपरा नई नहीं है, बस रूप बदल गया है, लेकिन त्योहार की भावना हमेशा जीवंत रही है।”

दीपावली का यह आयोजन न केवल एएमयू परिसर में नई परंपरा की शुरुआत साबित हुआ, बल्कि यह संदेश भी दे गया कि शिक्षा संस्थान केवल ज्ञान का केंद्र ही नहीं, बल्कि राष्ट्रीय एकता और सांस्कृतिक समरसता के प्रतीक भी हैं

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!