NEWSW1UP
विशेष संवाददाता
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में ‘पुलिस झंडा दिवस’ को रविवार को पूरे सम्मान और गरिमा के साथ मनाया गया। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल समेत शीर्ष नेतृत्व ने पुलिस बल की कर्तव्यपरायणता, वीरता और सेवा भावना को नमन करते हुए फ्लैग पिन धारण किया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को उनके सरकारी आवास 5, कालिदास मार्ग पर पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण ने पुलिस कलर (झंडा) लगाया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अपने ‘एक्स’ पोस्ट में कहा-
“कर्तव्यनिष्ठा, वीरता और सेवा-समर्पण की गौरवशाली परंपरा के प्रतीक ‘पुलिस झंडा दिवस’ पर यूपी पुलिस के समर्पण को नमन करता हूँ।”
उधर, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने ‘एक्स’ पर पुलिस कर्मियों को शुभकामनाएं देते हुए लिखा कि प्रदेश की शांति और सुरक्षा व्यवस्था में पुलिस का योगदान निरंतर विश्वास को मजबूत करता है। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने भी यूपी पुलिस को “शांति, सुरक्षा और आदर्श कानून-व्यवस्था के सूत्रधार” बताते हुए सभी कर्मियों को बधाई दी।
झंडा दिवस सिर्फ औपचारिकता नहीं, उपलब्धियों का उत्सव बने: राज्यपाल आनंदीबेन पटेल

राजभवन में ‘पुलिस झंडा दिवस’ कार्यक्रम के दौरान आर्थिक अपराध अनुसंधान शाखा (EOW) की पुलिस महानिदेशक नीरा रावत ने राज्यपाल आनंदीबेन पटेल को ‘फ्लैग पिन’ लगाया और स्मृति चिह्न भेंट किया।
इस अवसर पर राज्यपाल ने पुलिस की वार्षिक प्रगति की समीक्षा को आवश्यक बताते हुए कहा-
“पुलिस झंडा दिवस केवल प्रतीकात्मक कार्यक्रम न होकर पूरे वर्ष अपराध नियंत्रण, नवाचार और सेवा कार्यों की उपलब्धियों का उत्सव होना चाहिए।”
उन्होंने महिला पुलिसकर्मियों की सुरक्षा, प्रशिक्षण, कौशल विकास और समस्याओं पर नियमित संवाद स्थापित करने पर विशेष जोर दिया। राज्यपाल ने कहा कि ड्यूटी के बाद महिला कर्मियों को नवाचार और नई स्किल सीखने के अवसर प्रदान किए जाएं।
राजभवन की पुलिस टुकड़ी का अनोखा योगदान

राज्यपाल ने यह भी बताया कि राजभवन में तैनात पुलिसकर्मियों ने समाजोपयोगी पहल करते हुए पांच विद्यालयों के बच्चों को बैंड प्रशिक्षण दिया है। इन प्रशिक्षित बच्चों ने 26 जनवरी की परेड में सर्वोच्च स्थान प्राप्त कर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है।
पुलिस झंडा दिवस पर प्रदेश नेतृत्व द्वारा व्यक्त की गई ये बातें उस विश्वास की पुनर्स्थापना हैं कि उत्तर प्रदेश पुलिस न सिर्फ कानून-व्यवस्था की रीढ़ है, बल्कि समाज को सकारात्मक दिशा देने वाली एक संवेदनशील संस्था भी है।