10 साल की प्रतीक्षा हुई खत्म: इंदिरापुरम की विधायक कॉलोनी में सड़क निर्माण कार्य शुरू!

NEWS1UP
संवाददाता
गाजियाबाद। इंदिरापुरम की विधायक कॉलोनी, न्याय खण्ड-1 में लंबे समय से ठप पड़े विकास कार्यों को आखिरकार नई रफ्तार मिलनी शुरू हो गई है। क्षेत्र की बहुप्रतीक्षित सड़क निर्माण परियोजना का मंगलवार को औपचारिक शुभारम्भ किया गया। उद्घाटन पार्षद हरीश कड़ाकोटी, विधायक कॉलोनी RWA अध्यक्ष अनुपम शुक्ला तथा उनकी टीम ने पारंपरिक रूप से नारियल फोड़कर किया।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि पिछले दस वर्षों से क्षेत्र की जर्जर सड़कें और टूटी हुई नालियां बड़ी समस्या बनी हुई थीं। खराब बुनियादी ढांचे के कारण लोगों को रोज़ाना भारी असुविधाओं का सामना करना पड़ रहा था। लगातार शिकायतों और जनप्रतिनिधियों तक पहुंचाई गई आवाज़ों के बाद अब जाकर इस महत्वपूर्ण मुद्दे पर कार्य शुरू हो पाया है।

निर्माण कार्य के शुरू होते ही क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। निवासियों को उम्मीद है कि सड़क बनने के बाद आवागमन न सिर्फ सुगम होगा बल्कि आसपास के क्षेत्रों में विकास की रफ्तार भी तेज़ होगी। व्यापारी वर्ग का मानना है कि बेहतर सड़कें क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा देंगी।
पार्षद हरीश कड़ाकोटी ने बताया कि सड़क निर्माण कार्य को गुणवत्तापूर्ण तरीके से निर्धारित समयसीमा में पूरा करने का प्रयास किया जाएगा। वहीं, RWA अध्यक्ष अनुपम शुक्ला ने कहा कि drainage और अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़े कार्यों को भी चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा।
स्थानीय जनता ने इस पहल का स्वागत किया है और इसे क्षेत्र के समग्र विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया है।
