जो दंगा करेगा, डंडा उसी के लिए: योगी आदित्यनाथ
2017 के बाद अपराधियों की चल नहीं रही
जो कानून तोड़ेगा, उसकी संपत्ति पर बुलडोजर जरूर चलेगा
NEWS1UP
संवाददाता
गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर दौरे के दौरान विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि राज्य अब अराजकता और दंगों के दौर से बाहर निकलकर विकास एवं शांति की ओर बढ़ चला है। उन्होंने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि उनकी सरकार ने अपराध और माफियातंत्र के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाकर यूपी की छवि पूरी तरह बदल दी है।
योगी ने कहा, “ये नया भारत अब विकसित भारत के संकल्प की ओर आगे बढ़ चुका है। जब भारत आगे बढ़ेगा तो उत्तर प्रदेश और गोरखपुर भी उससे पीछे नहीं रह सकते। आज पूर्वी उत्तर प्रदेश, जो दशकों तक उपेक्षित रहा, निवेश का केंद्र बन रहा है। सरकार ने कानून-व्यवस्था और इंफ्रास्ट्रक्चर में जो सुधार किए हैं, उसके कारण निवेशकों का भरोसा तेजी से बढ़ा है।”
माफिया-कर्फ्यू खत्म, दंगे बंद, यूपी उत्तम प्रदेश बना: सीएम योगी
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस और सपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि पिछले शासन में व्यापारी अक्सर जमीन कब्जाने वालों और माफियाओं के डर में रहते थे। उन्होंने कहा, “सपा-कांग्रेस के लोग व्यापारियों की जमीनों पर कब्जा करते थे। हमारी सरकार बनने के बाद कब्जा करने वालों की जमकर कुटाई हुई है और माफिया-कर्फ्यू गायब हो गए हैं। आज यूपी दंगामुक्त होकर उत्तम प्रदेश बन चुका है।”
योगी आदित्यनाथ ने आगे कहा कि अब प्रदेश में किसी भी तरह की अराजकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने आगे कहा कि-
“जो दंगा करेगा, डंडा उसी के लिए है, कानून-व्यवस्था को बिगाड़ने वालों पर प्रशासन सख्त कार्रवाई करेगा।”
यही सख्त रुख पिछले चुनाव में उनके लोकप्रिय नारे ‘बुलडोजर बाबा’ की पहचान बना।
‘बुलडोजर बाबा’ की उपाधि कैसे मिली
सीएम योगी ने कहा कि माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई में उनकी सरकार ने कभी समझौता नहीं किया। उन्होंने कहा कि “अगर कोई शांति भंग करेगा, कानून से खिलवाड़ करेगा तो बुलडोजर की कार्रवाई के लिए तैयार रहे। ऐसे दंगाइयों की संपत्ति पर हर हाल में बुलडोजर चलेगा। अपराधियों को प्रदेश में पनपने नहीं दिया जाएगा।”
उन्होंने दावा किया कि इसी कड़े रवैये के कारण प्रदेश में दुर्दांत अपराधी तक आत्मसमर्पण करने को मजबूर हुए हैं और कई अपराधी थानों के बाहर गले में तख्ती लटकाकर खड़े दिखाई दिए हैं।
2027 चुनाव से पहले बुलडोजर मॉडल फिर सुर्खियों में
हालांकि विधानसभा चुनाव 2027 में होने हैं, लेकिन उससे पहले ही मुख्यमंत्री योगी विभिन्न मंचों पर अपनी ‘सख्त प्रशासक’ वाली छवि को दोबारा मजबूत करने में जुट गए हैं। उनके हालिया बयान न केवल राजनीतिक संदेश देते हैं, बल्कि यह संकेत भी देते हैं कि कानून-व्यवस्था आगामी चुनावों में फिर एक बड़ा मुद्दा बनने वाला है।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सरकार का लक्ष्य प्रदेश को पूरी तरह माफियामुक्त, सुरक्षित और निवेश-अनुकूल वातावरण देना है। उन्होंने जोर देकर कहा, “यूपी अब उपद्रव प्रदेश नहीं, उत्सव प्रदेश कहलाता है।”
